IMD Weather Update: इस साल रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शु्क्रवार 26 अप्रैल को जारी एक मौसम अपडेट में यह जानकारी दी। IMD ने कहा कि साल 2023 अबतक का सबसे गर्म साल था। हालांकि 2024 में यह रिकॉर्ड टूट सकता है और पिछले साल से भी ज्यादा इस साल गर्मी पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि मई तक सूर्य की स्थिति में बदलाव होगा, जिसके बाद उत्तरी और मध्य भारत में लू की तेज हवाएं चल सकती है। साथ ही विभाग ने यह भी चेतावनी दी कि कई इलाको में बारिश भी कम रहने का अनुमान है, जिससे जलाशयों के स्तर में कोई सुधार नहीं होगा।
इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में मौसम की स्थिति को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD ने कहा पश्चिम बंगाल में गुरुवार से शनिवार रेड अलर्ट रहेगा। वहीं रविवार और सोमवार को पश्चिम बंगाल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। विभाग ने कहा कि इसके अलावा बिहार, ओडिशा, उत्तरी कर्नाटक के अंदरूनी हिस्से और दक्षिणी कर्नाटक के अंदरूनी हिस्से में शनिवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लू को लेकर मौसम विभाग ने कोलकाता में अगले 5 दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मुंबई में मौसम विभाग ने पिछले 2 हफ्तों में दूसरी बार हीटवेट जारी किया है। वहीं मुंबई से सटे इलाकों- ठाणे और रायगढ़ में 28 से 29 अप्रैल को हीटवेव अलर्ट रहेगा। IMD ने कहा कि लू के चलते आने वाले दिनों में इन इलाकों का तापमान बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने दी लू से बचने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से लंबे समय तक धूप में रहने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के रंग के, ढीले तथा सूती कपड़े पहनने, साथ ही धूप में निकलते वक्त सिर ढकने की सलाह दी दिया है।
उत्तराखंड में इस साल सामान्य से अधिक बारिश की संभावना
IMD ने इस साल उत्तराखंड में मानसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है। देहरादून मौसम केंद्र के डायरेक्टर, डॉ बिक्रम सिंह ने गुरुवार को राज्य सरकार से इसकी तैयारियां अभी से शुरू करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में भूस्खलन को रोकने के लिए संभावित इलाकों में रोड पर शेल्टर्स (एक तरह की सुरंग) बनाए जाने को एक अच्छा विकल्प बताया और कहा कि इसमें मलबा शेल्टर के ऊपर गिरेगा और शेल्टर के नीचे यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा।