Get App

'भारत सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल'': स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पर बोलीं राष्ट्रपति मुर्मू, पढ़ें- बड़ी बातें

Independence Day 2024: राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, और हम शीघ्र ही विश्व की तीन शीर्षस्थ अर्थ-व्यवस्थाओं में स्थान प्राप्त करने के लिए तैयार हैं। यह सफलता किसानों और श्रमिकों की अथक मेहनत, नीति-निर्माताओं और उद्यमियों की दूरगामी सोच तथा देश के दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर ही संभव हो सकी है।

MoneyControl Newsअपडेटेड Aug 14, 2024 पर 7:57 PM
'भारत सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल'': स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पर बोलीं राष्ट्रपति मुर्मू, पढ़ें- बड़ी बातें
President Droupadi Murmu Addresses Nation: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 78वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित किया

President Droupadi Murmu Addresses Nation: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार (14 अगस्त) को 78वें स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2024) की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन दिनों की याद दिलाता है, जब देश के लिए कई लोगों ने बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि इतिहास की इस श्रृंखला की एक कड़ी होने का बोध हमारे अंदर विनम्रता का संचार करता है। यह बोध हमें उन दिनों की याद दिलाता है जब हमारा देश, विदेशी शासन के अधीन था। उन्होंने कहा कि भारत सबसे तेज गति से बढ़ने वाली बड़ी अर्थ-व्यवस्थाओं में शामिल है। इससे न केवल देशवासियों के हाथों में अधिक पैसा आया है, बल्कि गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की संख्या में भी भारी कमी आई है।

राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र-भक्ति और वीरता से ओत-प्रोत देश प्रेमियों ने अनेक जोखिम उठाए और सर्वोच्च बलिदान दिए। हम उनकी पावन स्मृति को नमन करते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि उनके अथक प्रयासों के बल पर भारत की आत्मा सदियों की नींद से जाग उठी। अंतर-धारा के रूप में सदैव विद्यमान रही हमारी विभिन्न परंपराओं और मूल्यों को, पीढ़ी-दर-पीढ़ी हमारे महान स्वाधीनता सेनानियों ने नई अभिव्यक्ति प्रदान की।

उन्होंने कहा कि मार्गदर्शक-नक्षत्र की तरह, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वाधीनता संग्राम की विभिन्न परंपराओं और उनकी विविध अभिव्यक्तियों को एकजुट किया। साथ ही, सरदार पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और बाबासाहब आंबेडकर तथा भगत सिंह और चंद्रशेखर आज़ाद जैसे अनेक महान जन-नायक भी सक्रिय थे।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि 15 अगस्त के दिन, देश-विदेश में सभी भारतीय, ध्वजारोहण समारोह में भाग लेते हैं। देशभक्ति के गीत गाते हैं और मिठाइयां बांटते हैं। बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि जब हम बच्चों को अपने महान राष्ट्र तथा भारतीय होने के गौरव के बारे में बातें करते हुए सुनते हैं तो उनके उद्गारों में हमें महान स्वतंत्रता सेनानियों की भावनाओं की प्रतिध्वनि सुनाई देती है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें