India Energy Week 2023: पीएम मोदी बोले- पेट्रोल में 20% एथनॉल मिलाने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है भारत

India Energy Week 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में ‘इंडिया एनर्जी वीक 2023’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल के मिश्रण वाले ‘E20’ ईंधन की शुरुआत की। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने इंडिया एनर्जी वीक 2023 कार्यक्रम में इंडियन ऑयल द्वारा विकसित सोलर कुकिंग सिस्टम के ट्विन-कुकटॉप मॉडल का भी अनावरण किया

अपडेटेड Feb 06, 2023 पर 1:45 PM
Story continues below Advertisement
India Energy Week 2023: पीएम मोदी ने कहा कि भारत का गैस पाइपलाइन नेटवर्क अगले चार-पांच साल में मौजूदा के 22,000 किलोमीटर से बढ़कर 35,000 किलोमीटर पर पहुंच जाएगा

India Energy Week 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित 'इंडिया एनर्जी वीक 2023' कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले सोमवार को ‘इंडिया एनर्जी वीक 2023’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल के मिश्रण वाले ‘E20’ ईंधन की भी शुरुआत की। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु में इंडिया एनर्जी वीक 2023 कार्यक्रम में इंडियन ऑयल द्वारा विकसित सोलर कुकिंग सिस्टम के ट्विन-कुकटॉप मॉडल का भी अनावरण किया। वहीं, प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु में ग्रीन मोबिलिटी रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत का गैस पाइपलाइन नेटवर्क अगले चार-पांच साल में मौजूदा के 22,000 किलोमीटर से बढ़कर 35,000 किलोमीटर पर पहुंच जाएगा। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि भारत पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल मिलाने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्यपाल थावरचंद गहलोत और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी मौजूद हैं।

इस कार्यक्रम में अपने संबोधन की शुरूआत में पीएम मोदी ने कहा कि इस समय तुर्की में आए भूकंप पर हम सभी की दृष्टि बनी हुई है। कई लोगों की मृत्यु और काफी नुकसान की खबरें हैं। तुर्की के आसपास के देशों में भी नुकसान की आशंका है। भारत भूकंप पीड़ितों की हर संभव मदद के लिए तत्पर है।


इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि बेंगलुरु टेक्नोलॉजी, टैलेंट और इनोवेशन की एनर्जी से भरा एक शहर है। मेरी तरह आप भी यहां के युवा ऊर्जा को अनुभव कर रहे होंगे। ये भारत की G-20 प्रेसिडेंसी कैलेंडर का पहला बड़ा एनर्जी इवेंट है।

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के विश्व का भविष्य तय करने में ऊर्जा क्षेत्र की बहुत बड़ी भूमिका है। ऊर्जा के नए संसाधन के विकास में ऊर्जा संक्रमण में आज भारत विश्व की सबसे मजबूत आवाजों में से एक है। पीएम ने कहा कि विकसित बनने का संकल्प लेकर चल रहे भारत में ऊर्जा क्षेत्र के लिए अभूतपूर्व संभावनाएं बन रही हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि IMF द्वारा हाल ही में किए गए ग्रोथ अनुमान से पता चलता है कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। महामारी और युद्ध के प्रभाव के बावजूद 2022 में भारत एक 'ग्लोबल ब्राइट स्पॉट' रहा है।

ये भी पढ़ें- MCD Mayor Election 2023: आज भी नहीं हो सका दिल्ली मेयर का चुनाव, भारी हंगामे के कारण अनिश्चित काल के लिए सदन स्थगित

वहीं, इस दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवंबर 2022 के अंत तक 10% इथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य निर्धारित किया, हमने इस लक्ष्य को 5 महीने पहले हासिल कर लिया। हमने E20 ब्लेंडेड पेट्रोल की उपलब्धता को 2025 तक बढ़ा दिया है।

इसके अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि अगले 5 वर्ष नवीकरणीय ऊर्जा, हाइड्रोजन और अमोनिया सहित ऊर्जा के नए अवतारों के उत्पादन के लिए बहुत महत्वपूर्ण होने वाले हैं... हमारा लक्ष्य देश में नंबर-1 इलेक्ट्रॉनिक वाहन निर्माण करना है और हमारे पास इलेक्ट्रॉनिक वाहन नीति भी है जो निवेशकों के अनुकूल है।

एक महीने में पीएम मोदी की तीसरी यात्रा

चुनावी राज्य कर्नाटक में एक महीने से भी कम समय में यह पीएम मोदी की तीसरी यात्रा है। प्रधानमंत्री ने 12 जनवरी को हुबली की यात्रा की थी और राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्धाटन किया था। इसके बाद में 19 जनवरी को उन्होंने यादगिरी और कलबुर्गी जिलों में रोड शो किया था जहां उन्होंने विकास एवं समाज कल्याण कार्यक्रमों का प्रदर्शन कर मतदाताओं को लुभाने का प्रयास किया। इससे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) को अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए एक ‘लॉन्चपैड’ मिल गया।

बेंगलुरु में ‘इंडिया एनर्जी वीक 2023’ का आयोजन छह से आठ फरवरी तक होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऊर्जा संक्रमण महाशक्ति के रूप में भारत की बढ़ती शक्ति को प्रदर्शित करना है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस कार्यक्रम के जरिए चुनौतियों एवं अवसरों पर चर्चा के लिए पारंपरिक एवं गैर पारंपरिक ऊर्जा उद्योग, सरकारों एवं अकादमिक क्षेत्रों के एकसाथ आने की संभावना है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि कार्यक्रम में दुनिया भर से 30 से अधिक मंत्री मौजूद रहेंगे। इसमें कहा गया है कि 30,000 से अधिक प्रतिनिधि, 1,000 प्रदर्शक और 500 वक्ता भी शामिल होंगे जो भारत के ऊर्जा भविष्य की चुनौतियों एवं अवसरों पर चर्चा करेंगे।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Feb 06, 2023 1:19 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।