Joshimath Updates: घरों में दरार, ऊपर से सर्दी का सितम, हर दिन एक नई लड़ाई लड़ रहे हैं जोशीमठ के लोग
Joshimath Updates: तापमान लगभग जीरो पहुंच गया। यहां के लोग अपने घरों को टूटता हुए देखने के लिए मजबूर हैं। मुश्किल यहीं नहीं खत्म होती, क्योंकि उसके बाद इन लोगों के सामने उनका पूरा भविष्य भी पड़ा है। इसे लेकर भी चिंताएं सता रही हैं
Joshimath Updates: हर दिन एक नई लड़ाई लड़ रहे हैं जोशीमठ के लोग
Joshimath Updates: 6,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित और बद्रीनाथ (Badrinath), औली (Auli) और फूलों की घाटी का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले जोशीमठ (Joshimath) के ऊपर आज अपने अस्तित्व का संकट गहरा रहा है। इस सुरम्य शहर के निवासियों के लिए शायद ही इससे बुरा समय कोई होगा, क्योंकि सर्दी अपने चरम पर है और ऐसे में उन्हें अपने घरों को छोड़ कर राहत कैंपों में रहना पड़ रहा है।
तापमान लगभग जीरो पहुंच गया। यहां के लोग अपने घरों को टूटता हुए देखने के लिए मजबूर हैं। मुश्किल यहीं नहीं खत्म होती, क्योंकि उसके बाद इन लोगों के सामने उनका पूरा भविष्य भी पड़ा है। इसे लेकर भी चिंताएं सता रही हैं।
TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पता चला कि कैसे इस संकटग्रस्त कस्बे में आई त्रासदी से जनजीवन सीधे तौर पर प्रभावित हुआ है, जहां लगभग हर दूसरी इमारत में दरारें आ गई हैं।
आठ महीने पहले बने घर में आईं दरार
जोशीमठ के सुनील इलाके के रहने वाले 53 साल के दुर्गा प्रसाद सकलानी ने चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ दिख रही हैं। उन्होंने अपने घर के पास खड़े होकर कहा कि मुश्किल से आठ महीने पहले बने उनके घर में इतनी बड़ी दरारें आ गई हैं कि उन्हें अब इसे छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। छत को गिरने से बचाने के लिए लकड़ी के लट्ठे लगाने पड़े।
सकलानी ने कहा, “मेरे 15 लोगों के परिवार को घर खाली करने और पास के एक होटल में जाने के लिए कहा गया है, लेकिन हम वहां कब तक रहेंगे? हम दिन में बाहर रहते हैं और कड़ाके की ठंड से बचने के लिए ही केवल अपने घर में सोने के लिए जाते हैं।"
मनोहरबाग इलाके में चंद्र बल्लभ पांडेय का घर भी पिछले दो हफ्ते से रहने लायक नहीं रहा है। मकान का फर्श 6-8 इंच फूल गया है और मकान दाहिनी ओर झुक गया है।
नम आंखों से पांडे ने कहा, "मैंने अपना घर 1999 में बनाया था और अब मैं इसे अपनी आंखों के सामने टूटते हुए देख रहा हूं। भले ही प्रशासन ने मुझे तुरंत जगह खाली करने के लिए कहा है, लेकिन मैं इससे टूट गया। मेरा दिल इस घर में है और हमेशा रहेगा, चाहे कुछ भी हो जाए।"
जोशीमठ नगर पालिका केंद्र के अंदर अलाव के आसपास बैठे, पूर्व सशस्त्र सीमा बल जवान 67 साल के देवेंद्र सिंह रावत ने कहा, “मेरे पोते मुझसे पूछ रहे हैं कि वे अपने घर कब लौटेंगे। मेरे पास कोई जवाब नहीं है।"
माउंट व्यू होटल के पीछे रावत का घर, स्थानीय अधिकारियों की तरफ से खाली कराए गए 6 घरों में से एक था। रविवार को, जिला प्रशासन के अधिकारियों और वॉलंटियर्स को "अनफिट घरों" की पहचान करने के लिए डोर-टू-डोर कैंपेन करते देखा गया।
'घरों की नीचे से आ रही पानी बहने की आवाज'
कुछ निवासियों ने TOI को बताया कि वे अपने घरों के नीचे से पानी के बहने की लगातार आवाज सुन रहे हैं, जहां हर गुजरते दिन दरारें बढ़ती जा रही हैं। एक निवासी कुंती देवी ने कहा, "ऐसा लगता है कि पानी हमारे घरों की नींव खोखली कर रहा है।"
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है, जिससे निवासियों को तापमान में और गिरावट आने की आशंका का सामना करना पड़ रहा है। जाहिर है इससे उनकी मुश्किलें और ज्यादा बढ़ सकती हैं।
ज्योतिश्वर कल्पवृक्ष मंदिर के पुजारी रामेश्वर प्रसाद ने कहा, "हमारा शहर इस त्रासदी से पहले खुशी और समृद्धि से भरा हुआ था। लेकिन अब डर और दुख है। हम प्रार्थना कर रहे हैं कि हमारी ये परीक्षा जल्द से जल्द खत्म हो।”