साल 2024 की विदाई से पहले एक के बाद एक हैरान करने वाली खबरें सामने आ रही हैं। पूर्व IPS आचार्य किशोर कुणाल का कार्डियक अरेस्ट की वजह से रविवार सुबह निधन हो गया। कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें तुरंत महावीर वत्सला अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आचार्य किशोर कुणाल ने आईपीएस से त्याग-पत्र देकर समाज-सेवा के कार्यों को शुरू किया। उनका निधन बिहार प्रदेश के लिए बड़ी क्षति है। किशोर कुणाल अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। वो बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष भी थे। उन्होंने कई सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
किशोर कुणाल एक सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी थे। किशोर कुणाल जेडीयू नेता अशोक चौधरी के समधी और समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी के ससुर थे। किशोर कुणाल अयोध्या मंदिर ट्रस्ट के संस्थापकों में से एक थे। आईपीएस अधिकारी के पद से रिटायर होने के बाद आचार्य किशोर कुणाल सामाजिक कार्यों से जुड़ गए थे।
आचार्य किशोर कुणाल के शव को घर ले जाते हुए
निधन के बाद उनके शव को घर लाया गया, जहां लोग श्रद्धांजलि देने के लिए आ रहें हैं। अब तक मंत्री एवं समधी अशोक चौधरी, जमा खान, सुमित कुमार सिंह, विधान पार्षद संजय सिंह सहित कई लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। मिली जानकारी के अनुसार, आचार्य किशोर कुणाल का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।
किशोर कुणाल का जन्म 10 अगस्त 195 में हुआ था। मुजफ्फरपुर के बरुराज गांव से उन्होंने स्कूली शिक्षा हासिल की थी। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से इतिहास और संस्कृत में ग्रेजुएशन किया था। साल 1972 में किशोर कुणाल गुजरात कैडर से आईपीएस अधिकारी बने। इसके बाद वे पुलिस अधीक्षक बने। 1978 में किशोर कुणाल को अहमदाबाद में पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया था। 1983 में प्रमोशन मिलने के बाद उन्हें पटना में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात किया गया। 1990 से 1994 तक किशोर कुणाल ने गृह मंत्रालय में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी पद पर काम किया।