भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सिक्किम-पश्चिम बंगाल के बीच सड़क संपर्क टूटा

सिलीगुड़ी की ओर जाने वाले लोगों को पश्चिम बंगाल सीमा में प्रवेश करने के लिए सेंट्रल पेंडम या पैकयोंग से गुजरने वाली सड़कों का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है

अपडेटेड Oct 09, 2022 पर 5:25 PM
उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम काफी बदल गया है

Landslides: सिक्किम में रविवार तड़के भारी बारिश से कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे गंगटोक और पश्चिम बंगाल के बीच सड़क संपर्क टूट गया। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बड़े पत्थर गिरने से पूर्वी सिक्किम में सिंगटम और रंगपो के बीच दो स्थानों-19 माइल और 20 माइल पर नेशनल हाईवे-10 अवरुद्ध हो गया।

अधिकारी ने बताया कि सिंगटम से गंगटोक जाने वाली सड़क भी 32 माइल क्षेत्र में अवरुद्ध हो गई। उन्होंने कहा कि मलबे को हटाने तथा मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए फिर से खोलने में पूरा दिन लग सकता है।

सिलीगुड़ी की ओर जाने वाले लोगों को पश्चिम बंगाल सीमा में प्रवेश करने के लिए सेंट्रल पेंडम या पैकयोंग से गुजरने वाली सड़कों का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है। बता दें कि राजधानी दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम काफी बदल गया है।


ये भी पढ़ें- Ratan Tata: RSS से जुड़े संगठन ने रतन टाटा को सामाजिक कार्यों के लिए ‘सेवा रत्न’ से किया सम्मानित

पिछले 24 घंटे से एनसीआर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। इसके चलते राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में शनिवार को जाम लग गया। दिल्ली पुलिस ने बारिश के अलर्ट और मौसम का मिजाज देखकर ही लोगों से यात्रा करने की सलाह दी है।

मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी बारिश जारी रहेगी और आसमान में बादल छाए रहेंगे। वीकेंड पर घूमने का प्लान बनाने वालों को शनिवार शाम में काफी दिक्कत हुई। दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित है।

मानसून के मौसम में सूखे के हालात और पिछले महीने शुरू हुआ बेमौसम बारिश का सिलसिला उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए आफत लेकर आया है। गलत समय पर हो रही बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और उनके सामने अनिश्चितता का अंधकार छा गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।