Mohali Swing Accident: पंजाब के मोहाली में एक बड़ा हादसा हो गया है। शहर के फेज आठ के दशहरा ग्राउंड के मेले में एक झूला के गिरने से 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। इनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्यादातर घायलों को गले और पीठ में चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि झूले में 30 लोग सवार थे। जिसमें 13 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। 5 लोगों को सिविल अस्पताल और बाकी को प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मोहाली के फेज-आठ के दशहरा ग्राउंड में लंदन ब्रिज नाम से मेला लगाया गया है। रविवार की छुट्टी के चलते यहां काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। ड्रॉप टावर झूले के पास काफी भीड़ थी। टॉप पर पहुंचने से पहले उसमें अचानक खराबी आ गई। 50 फीट की ऊंचाई से झूला अचानक नीचे गिर गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि कई लोगों की सीट बेल्ट टूट गई और वो उछलकर सीट से बाहर आ गिरे। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जिला प्रशासन ने इस पूरे मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे के बाद झूला के मालिक और कर्मचारियों मौके से फरार हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम सरबजीत कौर और नायब तहसीलदार अर्जुन ग्रेवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने और हालात का जायजा लिया। डीसी अमित तलवार ने कहा कि घटना की जांच करवाई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने कहा कि 'उन्हें शो आयोजित करने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, अगर उनकी ओर से कोई गलती हुई है तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
न एंबुलेंस थी न प्राथमिक उपचार की सुविधा
लोगों ने बताया कि मेला स्थल पर आयोजकों की ओर से किसी भी तरह की एंबुलेंस या प्राथमिक उपचार का कोई इंतजाम नहीं था। हादसा हुआ तो भगदड़ मच गई। इस बीच घायलों को अस्पताल कैसे पहुंचाया जाए? इसके लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस की पीसीआर ने घायलों को गाड़ी में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया। बाद में प्रशासन के अधिकारियों ने सारे घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।