Monsoon 2023: मानसून ने एक सप्ताह पहले पूरे देश में दी दस्तक, जानें पहले कब हुआ ऐसा

IMD के मुताबिक, लगभग 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जून में कम बारिश हुई है। बिहार में सामान्य से 69 प्रतिशत और केरल में 60 फीसद कम बारिश हुई। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे कुछ अन्य राज्यों में भी दक्षिण-पश्चिमी मानसून के पहले महीने जून में सामान्य से कम बारिश हुई

अपडेटेड Jul 03, 2023 पर 5:53 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मौसम विभाग के मुताबिक, लगभग 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जून में कम बारिश हुई है

दक्षिण-पश्चिमी मानसून (Monsoon 2023) राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष भाग में आगे बढ़ने के साथ ही रविवार को सामान्य डेट से छह दिन पहले पूरे देश में पहुंच गया। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने यह जानकारी दी। इससे पहले IMD ने शुक्रवार को कहा था कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण बिहार को छोड़कर पूरे देश में जुलाई में मानसून सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम कार्यालय ने कहा कि सामान्य तारीख 8 जुलाई से पहले रविवार को ही मानसून पूरे देश में पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, लगभग 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जून में कम बारिश हुई है। बिहार में सामान्य से 69 प्रतिशत और केरल में 60 फीसद कम बारिश हुई। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे कुछ अन्य राज्यों में भी दक्षिण-पश्चिमी मानसून के पहले महीने जून में सामान्य से कम बारिश हुई।

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने शुक्रवार को कहा था कि जुलाई 2023 के दौरान पूरे देश में औसत मासिक बारिश सामान्य (LPA का 94 से 106 प्रतिशत) रहने का अनुमान है। देशभर में जुलाई के दौरान बारिश का लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) साल 1971-2020 के आंकड़े पर आधारित है, जो करीब 280.4 मिमी है।


ये भी पढ़ें- तमिलनाडु सरकार का होटलों को निर्देश, ड्राइवरों को पार्किंग के साथ देने होंगे बेडरूम

भूमध्यवर्ती प्रशांत महासागर के गर्म होने का घटनाक्रम (इसे अल-नीनो दशा कहा जाता है) जुलाई में विकसित होने की संभावना है। अल-नीनो का संबंध बारिश में कमी से जोड़ा जाता है। महापात्र ने कहा था कि हाल के अधिकतर अल-नीनो वर्षों में जून के दौरान बारिश सामान्य से कम रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।