Get App

Monsoon Weather Updates: मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी, दिल्ली में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा, हिंडन नदी के जल स्तर में इजाफा

Monsoon Weather Updates: दिल्ली (Delhi) में बाढ़ का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। यमुना नदी (Yamuna River) के पानी का लेवल (Water Level) एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। सोमवार को ओल्ड युमना ब्रिज पर जलस्तर 206.56 मीटर पर पहुंच गया, जो रविवार रात 9 बजे 206.42 मीटर पर बह रही थी

Shubham Sharmaअपडेटेड Jul 24, 2023 पर 2:23 PM
Monsoon Weather Updates: मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी, दिल्ली में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा, हिंडन नदी के जल स्तर में इजाफा
Monsoon Weather Updates: मुंबई के अंधेरी सबवे में बाढ़ जैसे हालात (PHOTO-PTI)

Monsoon Weather Updates: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 जुलाई को मुंबई (Mumbai) के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार घंटे के दौरान मुंबई, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधूदुर्ग में अलग-अलग जगहों और कोलहापुर जिले में मध्य से भारी बारिश (Heavy Rains) की संभावना जताई है। इससे पहले सुबह में शहर में हल्की बूंदा बांदी भी हुई थी। नगर निकाय की मानें, तो मुंबई शहर में कहीं भी जलभराव नहीं हुआ है।

दूसरी तरफ दिल्ली (Delhi) में बाढ़ का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। यमुना नदी (Yamuna River) में पानी का लेवल (Water Level) एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। सोमवार को ओल्ड यमुना ब्रिज पर जलस्तर 206.56 मीटर पर पहुंच गया, जो रविवार रात 9 बजे 206.42 मीटर पर बह रही थी। सेंट्रल वॉटर कमिशन के डेटा के अनुसार, पानी का लेवन शनिवार रात 10 बजे 205.02 मीटर, जो रविवार सुबह 9 बजे 205.96 मीटर पर था।

हाथीकुंड बैराज से नदी में छोड़े गए पानी और उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण यमुना नदी के जल स्तर में बढ़ोतरी देखी गई है। दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि हाथीकुंड बैराज से 2 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली सरकार हाई अलर्ट पर है।

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को झमाझम बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, ITO, राजीव चौक, इंडिया गेट, लोदी रोड, नेहरू स्टेडियम और लाजपत नगर समेत दिल्ली के कुछ हिस्सों के साथ-साथ NCR के कुछ इलाकों में रविवार शाम को हल्की तीव्रता की बारिश की भविष्यवाणी की गई थी। IMD ने दिल्ली में सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की भी भविष्यवाणी की है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें