देश की आर्थिक राजधानी मुंबई हाई अलर्ट पर है। मुंबई पुलिस ने संभावित आतंकी खतरे के बारे में केंद्रीय एजेंसियों की ओर से खुफिया जानकारी मिलने के बाद भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। पूरे शहर में धार्मिक स्थलों और व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों को एहतियाती कदम के तौर पर इन इलाकों में मॉक ड्रिल करने का निर्देश दिया गया है।
डिप्टी पुलिस कमिश्नर्स (डीसीपी) को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा पर कड़ी निगरानी रखने का काम सौंपा गया है, जबकि मंदिरों को विशेष रूप से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी गई है। शुक्रवार, 27 सितंबर को इन प्रिवेंटिव मेजर्स के तहत दो लोकप्रिय धार्मिक स्थलों वाले क्रॉफर्ड मार्केट में मॉक ड्रिल की गई।
त्योहारी सीजन के साथ-साथ चुनाव भी नजदीक
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह बढ़ी हुई सुरक्षा आगामी त्योहारी सीजन के लिए नियमित तैयारियों का हिस्सा है। मुंबई दुर्गा पूजा, दशहरा और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों के लिए तैयार है। इसके अलावा, शहर आगामी महाराष्ट्र राज्य विधानसभा चुनावों के लिए तैयार है, जो नवंबर में होने की उम्मीद है। व्यस्त त्योहारी सीजन और राजनीतिक कार्यक्रमों के मद्देनजर, मुंबई पुलिस ने सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों को बढ़ा दिया है, खासकर उन इलाकों में जहां लोगों की भीड़ अधिक होती है।