Mumbai Rains: मुंबई में भारी बारिश से हाहाकार! सड़क पर समंदर जैसा मंजर, कई इलाके जलमग्न

Mumbai Rains: मुंबई में शुक्रवार को भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया और शहर एवं इसके उपनगरों में ट्रैफिक बाधित हो गया। शहर के ज्यादातर हिस्सों और उपनगरों में भारी बारिश हुई, जिससे अंधेरी, कुर्ला, घाटकोपर तथा चेंबूर जैसे निचले इलाकों में जलभराव हो गया। जलभराव हो जाने के चलते बसों का रूट डायवर्ट करना पड़ा। यात्रियों ने लोकल ट्रेन सेवाओं में 10 से 15 मिनट तक की देरी की शिकायत की है

अपडेटेड Jul 21, 2023 पर 6:02 PM
Mumbai Rains: रायगढ़, ठाणे और पालघर जैसे पड़ोसी जिले रेड अलर्ट पर हैं (Photo- TOI)

Mumbai Rains: मुंबई में शुक्रवार को भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया और शहर एवं इसके उपनगरों में ट्रैफिक बाधित हो गया। शहर के ज्यादातर हिस्सों और उपनगरों में भारी बारिश हुई, जिससे अंधेरी, कुर्ला, घाटकोपर तथा चेंबूर जैसे निचले इलाकों में जलभराव हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि सायन में जलभराव हो जाने के चलते दोपहर में बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट लिमिटेड (BEST) ने 12 से अधिक रूट्स पर बसों का रूट डायवर्ट किया। हालांकि, थोड़ी देरी के साथ लोकल ट्रेन नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।

इन इलाकों में भरा पानी

अधिकारियों ने बताया कि कोलाबा, मरीन लाइन्स, मुंबई सेंट्रल, भायखला, दादर, परेल, वर्ली, बांद्रा, कुर्ला, सायन, घाटकोपर, भांडुप, अंधेरी, मुलुंड, जोगेश्वरी, बोरीवली और दहिसर में रुक-रुक कर भारी बारिश हुई या बौछारें पड़ीं। बारिश के कारण शहर, उपनगरों, दो हाईवे और प्रमुख सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम के चलते ट्रैफिक बाधित हुआ, जबकि अंधेरी और दहिसर सबवे में कुछ समय के लिए पानी भर गया। इसके अलावा, जलभराव के कारण अंधेरी सब-वे ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी असुविधा हुई।


लोकल भी प्रभावित

रेलवे अधिकारियों ने दावा कि पश्चिमी, मध्य और हार्बर लाइन पर ट्रेनें सामान्य रूप से परिचालित हुईं। जबकि यात्रियों ने ट्रेन सेवाओं में 10 से 15 मिनट तक की देरी की शिकायत की है। एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा दोपहर एक बजे जारी की गई चेतावनी के अनुसार, आज शाम तक मुंबई के अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के आंकड़ों के अनुसार, शहर में सुबह आठ बजे तक, पिछले 24 घंटों की अवधि के दौरान 30 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। नगर निकाय के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि के दौरान पूर्वी उपनगर में 29.90 और पश्चिमी उपनगर में 27.49 मिमी बारिश हुई।

इन इलाकों में रेड अलर्ट जारी

गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक मुंबई में 27.50 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 29.90 और पश्चिमी उपनगरों में 27.49 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक शुक्रवार को शहर में 26.24 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 25.88 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 17.74 मिमी बारिश दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें- IND Vs WI: विराट कोहली ने 500वें मैच में रचा इतिहास, शतकों के मामले में सचिन तेंदुलकर को पछाड़ने का शानदार मौका

रायगढ़, ठाणे और पालघर जैसे पड़ोसी जिले रेड अलर्ट पर हैं। यहां भी भारी बारिश हुई और ठाणे और पालघर में लगातार दूसरे दिन सभी स्कूल बंद करने का आदेश दिया गया। आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, पालघर और पुणे में अगले चार घंटों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।