Get App

ManMohan Singh Farewell: 'मनमोहन सिंह के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा', प्रधानमंत्री मोदी ने की पूर्व PM की तारीफ

Budget Session 2024: राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं विशेष रूप से आज डॉ. मनमोहन सिंह जी का स्मरण करना चाहूंगा। 6 बार वो इस सदन को अपने मूल्यवान विचारों से नेता के रूप में और प्रतिपक्ष के नेता के रूप में भी बहुत बड़ा योगदान दे चुके हैं।...इतने लंबे समय तक जिस तरह से उन्होंने इस सदन और देश का मार्गदर्शन किया है, उसके लिए डॉ. मनमोहन सिंह को हमेशा याद किया जाएगा।"

MoneyControl Newsअपडेटेड Feb 08, 2024 पर 1:23 PM
ManMohan Singh Farewell: 'मनमोहन सिंह के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा', प्रधानमंत्री मोदी ने की पूर्व PM की तारीफ
Budget Session 2024: आर्थिक सुधारों के लिए व्यापक नीति के निर्धारण में मनमोहन की भूमिका की सराहना होती है

Parliament Budget Session 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने गुरुवार (8 फरवरी) को देश के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (ManMohan Singh farewell from Parliament) के योगदान की जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि जब भी लोकतंत्र की चर्चा होगी तो उनके योगदान को याद किया जाएगा। राज्यसभा (Rajya Sabha) से रिटायर हो रहे सदस्यों की विदाई के अवसर पर उच्च सदन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने शारीरिक अस्वस्थता के बावजूद सदन की कार्यवाही में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मनमोहन सिंह की सराहना की और उनके दीर्घायु होने की भी कामना की। मनमोहन सिंह सहित राज्यसभा के 68 सांसद फरवरी से मई महीने के बीच रिटायर हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "इस अवसर पर मैं विशेष रूप से डॉक्टर मनमोहन सिंह का स्मरण करना चाहूंगा। वह छह बार इस सदन के सदस्य रहे। वह अपने मूल्यवान विचारों से सदन की चर्चाओं को समृद्ध करते रहे। सदन के नेता के रूप में तथा प्रतिपक्ष में भी नेता के रूप में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है।" PM मोदी ने कहा कि वैचारिक मतभेदों के कारण कभी बहस के दौरान छींटाकशी हो जाती है, लेकिन वह बहुत अल्पकालीन होता है।

उन्होंने कहा, "लेकिन इतने लंबे अरसे तक जिस प्रकार से उन्होंने इस सदन का मार्गदर्शन किया है... देश का मार्गदर्शन किया है...वह हमेशा...जब भी हमारे लोकतंत्र की चर्चा होगी... कुछ माननीय सदस्यों की चर्चा होगी... उसमें डॉक्टर मनमोहन सिंह के योगदान की चर्चा जरूर होगी।" प्रधानमंत्री ने कहा कि जो भी सदस्य इस सदन में आता है, वह चाहे किसी भी दल का क्यों न हो, अपने कार्यकाल के दौरान वह अपनी प्रतिभा और व्यवहार के दर्शन जरूर कराता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे सदस्यों के कार्यकाल से मार्गदर्शक के रूप में सीखने का प्रयास होना चाहिए। सदन और विभिन्न समितियों में मतदान के अवसर पर मनमोहन सिंह की भागीदारी को याद करते हुए PM मोदी ने कहा कि वह इन अवसरों पर भी व्हीलचेयर पर आए और लोकतंत्र के प्रति भागीदारी सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि सभी को पता था कि विजय सत्ताधारी पक्ष की होने वाली है लेकिन डॉक्टर मनमोहन सिंह जी व्हीलचेयर में आए और उन्होंने मतदान किया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें