'भारत के ही लोग देश की राजनीति को बाहर ले जा रहे हैं और बाहर के लोग...', राहुल गांधी पर जयशंकर का हमला

भारत में मानवाधिकारों के संबंध में ब्रिटेन में राहुल गांधी की टिप्पणी के संदर्भ में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारतीय पासपोर्ट रखने वालों में से अधिकांश देश से गहराई से जुड़े हुए हैं। लेकिन ऐसे कुछ लोग हैं जो वीजा या कहीं और बसने के लिए अपने घर में सताए जाने का दावा करेंगे

अपडेटेड Mar 26, 2023 पर 5:49 PM
Story continues below Advertisement
विदेश मंत्री का यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान पर प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर (S Jaishankar) ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि देश के भीतर के लोग राजनीति को बाहर ले जा रहे हैं और देश के बाहर के लोग भारतीय राजनीति में दखल दे रहे हैं। जयशंकर ने कहा कि आज हम यही देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि सब कुछ 2014 के बाद देखने को मिला है। विदेश मंत्री जयशंकर का यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के लंदन में दिए बयान पर प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।

विदेश मंत्री बेंगलुरु में BJYM युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां ये बयान दिया। हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन जयशंकर की यह टिप्पणी कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच आई है। बीजेपी की तरफ से राहुल गांधी पर भारत की आंतरिक राजनीति में विदेशों की मदद लेने का आरोप लगाया गया था।

जयशंकर ने आगे कहा, "2014 तक भारत में चीजें कैसी थीं? दुनिया में बहुत से लोग इससे बहुत असहज थे। लेकिन 2014 में चीजें बदलने के बाद उन्होंने अलग आत्मविश्वास, अलग अस्तित्व देखा। अचानक से लोग कहने लगे कि कुछ गड़बड़ है, अदालत ठीक से काम नहीं कर रही हैं। चुनाव आयोग ठीक नहीं है। प्रेस पर पाबंदी लगाई जा रही है।" उन्होंने पूछा कि सब कुछ 2014 के बाद ही हुआ?


विदेश मंत्री ने इशारों-इशारों में राहुल गांधी द्वारा विदेश में दिए गए बयान को लेकर उन पर हमला बोलते हुए कहा, "ऐसा क्यों हो रहा है? आपके पास भारत के बाहर ऐसे लोग हैं जो विदेश में देश को लेकर बयान देते हैं। ऐसे लोगों को देश में चुनावी सफलता नहीं मिलती है। इसके बाद भी बाहर उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले के रूप में देखा जाता है। अगर आप इतिहास देखें तो ये सामान्य बात है।"

भारत में मानवाधिकारों के संबंध में ब्रिटेन में राहुल गांधी की टिप्पणी के संदर्भ में जयशंकर ने कहा कि भारतीय पासपोर्ट रखने वालों में से अधिकांश देश से गहराई से जुड़े हुए हैं। लेकिन ऐसे कुछ लोग हैं जो वीजा या कहीं और बसने के लिए अपने घर में सताए जाने का दावा करेंगे।

विदेश मंत्री ने कहा, "अब आपके यहां कुछ लोग हो सकते हैं (जो) कभी-कभी इसका दुरुपयोग करते हैं और कहते हैं कि मुझे राजनीतिक रूप से सताया जा रहा है और इसलिए, मुझे रहने की अनुमति दें। तो, यह वास्तव में वीजा का खेल है, जिसे वे राजनीति, मानवाधिकार के नाम पर खेल रहे हैं।" उन्होंने आगाह किया कि देश के विरोधी स्थिति का फायदा उठा सकते हैं।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में महंगाई ने तोड़े सभी रिकॉर्ड! प्याज 228% और गेहूं 120% हुआ महंगा, देखें पूरी लिस्ट

खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों द्वारा ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग में भारतीय तिरंगा हटाने के प्रयास की घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि भारत सुरक्षा के अलग-अलग मानकों को स्वीकार नहीं करेगा।

बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में जयशंकर ने ब्रिटेन पर उच्चायोग के राजनयिकों को सुरक्षा प्रदान करने के दायित्व को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया, जिसकी अपेक्षा उस देश से की जाती है जहां उच्चायोग या वाणिज्य दूतावास स्थित होता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।