'आपका नाम सोमनाथ भी चंद्रमा से जुड़ा है' चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर ISRO चीफ को PM मोदी ने फोन कर दी बधाई

चंद्रयान की सफल लैंडिंग के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने ISRO प्रमुख को फोन किया। उन्होंने कहा, "कृपया मेरी शुभकामनाएं सभी तक पहुंचाएं। अगर संभव हुआ तो मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत जल्द आपका अभिवादन करूंगा।" वहीं ISRO के चीफ एस.सोमनाथ ने बुधवार को कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता ISRO नेतृत्व और वैज्ञानिकों की पीढ़ियों की मेहनत का नतीजा है

अपडेटेड Aug 23, 2023 पर 9:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर ISRO चीफ को PM मोदी ने फोन कर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) मिशन की सफलता पर बुधवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख एस. सोमनाथ (S Somnath) को बधाई दी और कहा कि वह जल्द ही बेंगलुरु का दौरा कर पूरी टीम को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं देंगे। जोहानिसबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit) में हिस्सा ले रहे प्रधानमंत्री ने फोन पर कहा, "सोमनाथ जी... आपका नाम सोमनाथ भी चंद्रमा से जुड़ा हुआ है। आपके परिवार के सदस्य भी खुश होंगे। आपको और आपकी टीम को हार्दिक बधाई।" 2

चंद्रयान की सफल लैंडिंग के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने ISRO प्रमुख को फोन किया। उन्होंने कहा, "कृपया मेरी शुभकामनाएं सभी तक पहुंचाएं। अगर संभव हुआ तो मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत जल्द आपका अभिवादन करूंगा।"

वहीं ISRO के चीफ एस.सोमनाथ ने बुधवार को कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता ISRO नेतृत्व और वैज्ञानिकों की पीढ़ियों की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि ये सफलता ‘बहुत बड़ी’ और ‘प्रोत्साहित करने वाली’ है।

चांद के बाद अब सूरज को भी जानने निकलेगा भारत, PM मोदी ने अगले अंतरिक्ष मिशन 'आदित्य L-1' के बारे में दी जानकारी


मिशन ऑपरेशन सेंटर में ISRO टीम को संबोधित करते हुए सोमनाथ ने कहा, "माननीय प्रधानमंत्री ने मुझे फोन कॉल किया और अपनी शुभकामनाएं आप सभी को और आपके परिवारों को इसरो में किए गए आपके शानदार कार्य के लिए दी हैं। चंद्रयान-3 और ऐसे अन्य मिशन में सहयोग देने के लिए मैं उनको धन्यवाद ज्ञापित करता हूं। राष्ट्र के लिए हम जो प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं, उसे आगे बढ़ाने के लिए हमें प्रशंसा मिल रही है।"

ISRO ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस लैंडर मॉड्यूल की ‘सॉफ्ट लैंडिग’ कराने में सफलता हासिल की। भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ।

इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का पहला देश तथा चांद की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।