PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) अपनी आधिकारिक दो दिवसीय फ्रांस यात्रा के लिए पेरिस पहुंच चुके हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन (French President Emmanuel Macron) के निमंत्रण पर पीएम मोदी को बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के पेरिस पहुंचने पर खुद फ्रांस की पीएम एलिजाबेथ बोर्न (French PM Elisabeth Borne) ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम मोदी के पेरिस पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों में उत्साह देखने को मिला।
पीएम मोदी के स्वागत के लिए पेरिस के होटल प्लाजा एथेनी के बाहर भारतीय समुदाय के लोग एकत्रित हुए। इस दौरान लोगों ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारे लगाए।
इस दौरे के दौरान पीएम मोदी रक्षा और अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। फ्रांस के लिए रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि वह लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को आगे बढ़ाने पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ व्यापक चर्चा करेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा बेहद खास है, क्योंकि वह पेरिस में फ्रांसीसी राष्ट्रीय दिवस या बैस्टिल दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर राष्ट्रपति मैक्रों के साथ शामिल होंगे। इसमें भारतीय सेना के तीनों सेवाओं की एक टुकड़ी भी हिस्सा ले रही है।
भारतीय सशस्त्र बलों की 269 सदस्यीय तीनों सेनाओं की टुकड़ी दो C-17 ग्लोबमास्टर विमानों में सवार होकर गुरुवार को पेरिस के लिए रवाना हुई थी। इसमें फ्रांसिसी लड़ाकू विमानों के साथ भारतीय वायुसेना के कम से कम तीन राफेल लड़ाकू विमान भी हिस्सा लेंगे।
इस बात पर जोर देते हुए कि इस साल भारत और फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ है, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश गहरे विश्वास एवं प्रतिबद्धता के साथ रक्षा, अंतरिक्ष, व्यापार, निवेश, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में निकटता से सहयोग करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी 13-14 जुलाई को फ्रांस की यात्रा पर रहेंगे।