Dumri Bypoll: ओवैसी की रैली में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के लगे नारे, AIMIM उम्मीदवार पर केस दर्ज

Dumri Bypoll: गिरिडीह के उपायुक्त नमन प्रियेश लाकड़ा ने बताया कि AIMIM उम्मीदवार अब्दुल मोबिन रिजवी, मुजफ्फर हसन नूरानी और अन्य के खिलाफ डुमरी थाने में FIR दर्ज की गई है। गिरिडीह जिला प्रशासन की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, "हमारे संज्ञान में आया है कि एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के भाषण के दौरान दर्शकों की ओर से 'पाकिस्तान जिंदाबाद' का नारा लगाया गया था"

अपडेटेड Aug 31, 2023 पर 2:40 PM
Dumri Bypoll: यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो व्यापक रूप से वायरल होने के बाद हुई

Dumri Bypoll 2023: झारखंड की डुमरी उपचुनाव के लिए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (AIMIM) उम्मीदवार अब्दुल मोबिन रिजवी (Abdul Mobin Rizvi) पर गिरिडीह जिले में पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की रैली के दौरान लगाए गए कथित 'पाकिस्तान समर्थक' नारों को लेकर मामला दर्ज किया गया है। रिजवी इस कार्यक्रम के आयोजक थे। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो व्यापक रूप से वायरल होने के बाद हुई। वायरल वीडियो में यह सुना गया कि बुधवार को ओवैसी के भाषण के दौरान दर्शकों में से किसी ने 'पाकिस्तान जिंदाबाद' का नारा लगाया।

गिरिडीह के उपायुक्त नमन प्रियेश लाकड़ा ने पीटीआई को बताया कि AIMIM उम्मीदवार अब्दुल मोबिन रिजवी, मुजफ्फर हसन नूरानी और अन्य के खिलाफ डुमरी थाने में FIR दर्ज की गई है। गिरिडीह जिला प्रशासन की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ""हमारे संज्ञान में आया है कि एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के भाषण के दौरान दर्शकों की ओर से 'पाकिस्तान जिंदाबाद' का नारा लगाया गया था। वीडियो ऑब्जर्वेशन द्वारा भाषण के दौरान रिकार्ड किये गये वीडियो को देखने पर यह पाया गया कि यह कृत्य आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास है।"

बयान में आगे कहा गया है कि डुमरी उपचुनाव के लिए गठित उड़न दस्ते ने भारतीय दंड संहिता (IPC) और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत डुमरी पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस नारा लगाने वाले शख्स की तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।


उड़न दस्ते की सदस्य और डुमरी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अन्वेषा ओना ने कहा कि FIR दर्ज करने से पहले कथित वीडियो फुटेज की जांच उनके वीडियोग्राफरों की टीम के फुटेज के साथ की गई थी। उन्होंने पीटीआई से कहा, "अब पुलिस कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई करेगी।"

AIMIM झारखंड प्रमुख ने दी सफाई

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) झारखंड के अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर ने हालांकि इस आरोप का खंडन करते हुए इसे 'छेड़छाड़ वाला वीडियो' बताया। बता दें कि ओवैसी बुधवार को गिरिडीह जिले में थे। इस दौरान उन्होंने डुमरी विधानसभा उपचुनाव में अपनी पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुल मोबिन रिजवी के वास्ते वोट मांगने के लिए एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया।

ये भी पढ़ें- X यूजर्स अब कर सकेंगे ऑडियो और वीडियो कॉल, फोन नंबर की जरूरत नहीं, Elon Musk ने किया ऐलान

चुनाव आयोग के मुताबिक, डुमरी विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव के लिए मतदान 5 सितंबर को होगा। जबकि मतगणना 8 सितंबर को होगी। अप्रैल में पूर्व शिक्षा मंत्री और JMM विधायक जगरनाथ महतो की मौत के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।