NCP Leaders Resignation: लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद अजित पवार की NCP में भगदड़, 4 बड़े नेताओं ने छोड़ी पार्टी

Stampede in NCP: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की पिंपरी-चिंचवाड़ इकाई के प्रमुख अजीत गव्हाने उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने अजित पवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। अन्य नेताओं में पिंपरी चिंचवाड़ छात्र इकाई के प्रमुख यश साने, पूर्व पार्षद राहुल भोसले और पंकज भालेकर शामिल हैं

अपडेटेड Jul 17, 2024 पर 11:52 AM
Stampede in NCP: हाल ही में समाप्त हुए लोकसभा चुनाव में NCP का बेहद खराब प्रदर्शन रहा

Stampede in NCP: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के चार शीर्ष नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव 2024 में खराब प्रदर्शन के बाद अजित पवार की पार्टी को बड़ा झटका लगा है। इस सप्ताह के अंत में वे सभी नेता शरद पवार की पार्टी में शामिल हो सकते हैं। यह घटनाक्रम हाल ही में समाप्त हुए लोकसभा चुनाव में NCP के खराब प्रदर्शन के बाद हुआ है।

NCP की पिंपरी-चिंचवाड़ इकाई के प्रमुख अजीत गव्हाने उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने अजित पवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। अन्य नेताओं में पिंपरी चिंचवाड़ छात्र इकाई के प्रमुख यश साने, पूर्व पार्षद राहुल भोसले और पंकज भालेकर शामिल हैं। इस्तीफे की खबरें इस अफवाहों के बीच आ रही हैं कि अजित पवार गुट के कुछ नेता शरद पवार के पाले में वापस आना चाहते हैं।

शरद पवार ने दिए थे संकेत


इस महीने की शुरुआत में शरद पवार ने दावा किया था कि अलग हुए एनसीपी गुट के कुछ विधायकों ने उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल से मुलाकात की थी। शरद पवार ने पिछले महीने कहा था कि जो लोग उनकी पार्टी को "कमजोर" करना चाहते हैं, उन्हें शामिल नहीं किया जाएगा। लेकिन वे ऐसे नेताओं को स्वीकार करेंगे जो पार्टी की छवि को "नुकसान" नहीं पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा था, "जो लोग पार्टी को कमजोर करना चाहते हैं, उन्हें शामिल नहीं किया जाएगा। लेकिन जो नेता संगठन को मजबूत करने में मदद करेंगे और पार्टी की छवि को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे, उन्हें शामिल किया जाएगा।"

2023 में अपने चाचा और NCP संस्थापक शरद पवार के खिलाफ अजित पवार द्वारा विद्रोह के बाद पवार परिवार दो राजनीतिक दलों में विभाजित हो गया। शरद पवार विपक्षी खेमे में बने रहे, जबकि अजित पवार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में शामिल हो गए। इसके लिए उन्हें डिप्टी सीएम के पद मिला।

छगन भुजबल भी छोड़ सकते हैं साथ

ऐसी भी अटकलें हैं कि महाराष्ट्र के मंत्री और वरिष्ठ एनसीपी नेता छगन भुजबल अजित पवार का साथ छोड़ सकते हैं। पिछले महीने महा विकास अघाड़ी (MVA) में शामिल शिवसेना (UBT) के एक वरिष्ठ नेता ने भुजबल से मुलाकात की थी। सूत्रों ने बताया कि भुजबल इस बात से नाराज हैं कि अजित पवार ने अपनी पत्नी सुनेत्रा को बारामती लोकसभा चुनाव में सुप्रिया सुले से हारने के बाद राज्यसभा के लिए मनोनीत किया था। एक प्रभावशाली ओबीसी नेता भुजबल राज्यसभा सीट और उसके बाद केंद्रीय मंत्री पद के लिए दावेदारी कर रहे थे।

ये भी पढ़ें- Swati Maliwal Case: केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, 50 गवाहों के नाम दर्ज

लोकसभा में खराब प्रदर्शन

अजित पवार की पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले एनडीए के हिस्से के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन सिर्फ एक सीट रायगढ़ जीत सकी। जबकि उनके चाचा शरद पवार की पार्टी ने 8 लोकसभा सीटें जीतीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।