भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रविवार को समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर जमकर बरसी। ऐसा इसलिए क्योंकि अखिलेश यादव ने लखनऊ (Lucknow) में पुलिस मुख्यालय (Police Headquarter) में चाय पीने इनकार कर दिया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें अखिलेश यादव को किसी से "बाहर" से चाय लाने के लिए कहते हुए सुना जा सकता है, क्योंकि उन्हें "पुलिसकर्मियों पर भरोसा नहीं है।"
वीडियो में अखिलेश यादव को ये कहते हुए सुना जा सकता है, "हम यहां की चाय नहीं पिएंगे। हम अपनी (चाय) लाएंगे, कप आपका ले लेंगे। हम नहीं पी सकते, जहर दे दोगे तो? हमें भरोसा नहीं। हम बाहर से मंगा लेंगे।" BJP IT सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि अखिलेश में वह गरिमा नहीं है, जो एक पूर्व मुख्यमंत्री के आचरण में होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में समाजवादी पार्टी के एक पदाधिकारी की गिरफ्तारी के बाद रविवार सुबह अखिलेश यादव यूपी पुलिस मुख्यालय पहुंचे। मनीष जगन अग्रवाल की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी यहां पुलिस मुख्यालय के बाहर जमा हो गए।
PTI के मुताबिक, पुलिस उपायुक्त (मध्य) अर्पणा रजत कौशिक ने बताया कि अग्रवाल को सुबह हजरतगंज से गिरफ्तार किया गया। उन पर सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
गौरतलब है कि बीजेपी युवा मोर्चा की उत्तर प्रदेश इकाई की एक महिला पदाधिकारी ने छह जनवरी को हजरतगंज कोतवाली में सपा मीडिया सेल के ट्विटर हैंडल पर बलात्कार और जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। अग्रवाल इस हैंडल का संचालन करता था।
SP ने अग्रवाल की गिरफ्तार को ‘शर्मनाक’ बताते हुए उसे फौरन रिहा करने की मांग की है।
पार्टी ने अपने आधिकारिक हैंडल से किए गए ट्वीट में कहा, “समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल को लखनऊ पुलिस द्वारा गिरफ्तार करना निंदनीय एवं शर्मनाक है। सपा कार्यकर्ता को अविलंब रिहा करे पुलिस।”
अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पूर्वाह्न करीब 11 बजे गोमतीनगर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ SP के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी और पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल भी मौजूद थे।
SP ने अखिलेश और उनके साथियों की तस्वीरें टैग करते हुए ट्वीट किया, “मुख्यालय में कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं है।”
मौके पर मौजूद SP के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने से कहा, “अभी तक हमसे यहां (उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में) कोई नहीं मिला है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में हैं। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि सपा कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल को क्यों गिरफ्तार किया गया है।”