जनता दल (सेक्युलर) JD(S) नेता एचडी कुमारस्वामी (HD Kumaraswamy) ने 2024 चुनावों के लिए अपनी पार्टी की योजनाओं के बारे में एक और संकेत दिया है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने मंगलवार को बेंगलुरु में मीडिया से कहा, “मैं खासतौर से किसी का नाम नहीं लेना चाहता। कुछ भी हो सकता है। इसमें ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। शायद ये इसी साल के आखिर में या संसद चुनाव के बाद होगा। इसके लिए हमें इंतजार करना होगा।”
कुमारस्वामी का बयान पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के उस दावे के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने भविष्य में गठबंधन का संकेत दिया था। ANI ने बीजेपी के दिग्गज नेता के हवाले से कहा, “एचडी कुमारस्वामी जो भी कह रहे हैं, वह बिल्कुल सच है और मैं उनके बयान का समर्थन करना चाहता हूं। कुमारस्वामी और हम भविष्य में एक साथ लड़ेंगे।”
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए JD(S) के संभवत: भारतीय जनता पार्टी से हाथ मिलाने की सुगबुगाहट चल रही है। PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कहा जा रहा है कि हाल ही में दिल्ली आए कुमारस्वामी ने बीजेपी के कुछ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है।
संभावित BJP-JD(S) गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर कुमारस्वामी ने 12 जून को कहा था कि लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी समझौते पर फैसला स्थिति आने पर लिया जाएगा और फिलहाल उनके सामने संसदीय चुनाव लड़ने का कोई प्रस्ताव नहीं है।
एक दिन बाद, पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा था कि JD(S) के साथ कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "राज्य स्तर पर कोई चर्चा नहीं हुई है, आने वाले दिनों में देखेंगे, राजनीति में भविष्य का अनुमान लगाना मुश्किल है।"
BJP ने कर्नाटक में 2019 के लोकसभा चुनावों में राज्य की कुल 28 सीटों में से 25 सीटें जीतकर परचम लहराया, जबकि एक सीट पर उसके समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की। कांग्रेस और JD(S) ने एक-एक सीट हासिल की।