Biplab Kumar Deb Resign: त्रिपुरा (Tripura) के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब (Biplab Kumar Deb) ने अपने पद से इस्तीफा (Resign) दे दिया है। उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। देब ने कहा, "पार्टी सबसे ऊपर है। मैंने पीएम मोदी के नेतृत्व और निर्देशन में पार्टी के लिए काम किया है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख और सीएम के रूप में त्रिपुरा के लोगों के साथ न्याय करने की कोशिश की है। मैंने शांति, विकास सुनिश्चित करने और राज्य को कोविड संकट से बाहर निकालने की कोशिश की है।"
बिप्लब देब गुरुवार को त्रिपुरा में पार्टी के मामलों पर चर्चा के लिए दिल्ली गए थे। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।
दरअसल ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि त्रिपुरा के बीजेपी खेमे में आपसी खींचतान चल रही है। बता दें कि त्रिपुरा में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि उम्मीद है कि उप मुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा मुख्यमंत्री का प्रभार लेंगे। वर्मा त्रिपुरा के राज परिवार से जुड़े हुए हैं।
रात 8 बजे होगी विधायक दल की बैठक
एजेंसी के मुताबिक पार्टी नेताओं ने कहा कि सीएम बिप्लब कुमार देब के इस्तीफे के बाद अपने नए नेता का चुनाव करने के लिए त्रिपुरा में बीजेपी विधायक दल की बैठक शनिवार को ही होगी।
मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के इस्तीफे के बाद बीजेपी ने भूपेंद्र यादव और विनोद तावड़े को चुनाव के पर्यवेक्षक बनाया है। दोनों नेता आज ही बीजेपी विधायक दल के नेता यानी राज्य के नए मुख्यमंत्री का नाम तय करेंगे।
ANI के मुताबिक, बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव ने कहा कि आज रात आठ बजे ही विधायक दल की बैठक होगी और इसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा।