बीजेपी आज यानी 6 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं। पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बीजेपी के स्थापना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इधऱ दूसरी तरफ स्थापना दिवस के मौके पर गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नेड्डा ने ट्वीट करके कार्यकर्ताओं को बधाईयां भी दी हैं।
अमित शाह ने ट्वीट के जरिए कहा है कि सभी कार्यकर्ताओं को बीजेपी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं. अपने खून पसीने से सींचकर बीजेपी को विशाल वटवृक्ष बनाने वाले सभी महापुरुषों को नमन करता हूं। राष्ट्रवादी विचारधारा, अंत्योदय के सिद्धांत और मोदी जी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बीजेपी निरंतर प्रयासरत है।
इधर जेपी नड्डा ने भी ट्वीट करते हुए कहा कि बीजेपी के स्थापना दिवस के अवसर पर मैं संगठन के उन सभी महापुरुषों को नमन करता हूं, जिन्होंने अपना सर्वस्व अर्पण कर पार्टी को इस वैभव तक पहुंचाया है. बीजेपी एक ऐसा संगठन है जिसके सदस्यों के लिए पार्टी ही परिवार है।
उन्होंने आगे कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या और निरंतर मेहनत के कारण ही संगठन के विकास और राजनीतिक वैभव की यात्रा संभव हुई है. अंत्योदय को अपना मूलमंत्र मानकर राष्ट्र सेवा में समर्पित पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता हमारे संगठन की नींव है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजेपी ने बूथ लेवल तक पार्टी का स्थापना दिवस मनाने की तैयारियां की हैं, ताकि पीएम मोदी का संबोधन बूथ स्तर के कार्यकर्ता सुन सकें। स्थापना दिवस के मौके पर बीजेपी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और सरकार के कार्यो को गिनाएंगे।