ED की रडार पर तमिलनाडु के एक और मंत्री, शिक्षा मंत्री पोनमुडी के घर पर एजेंसी की छापेमारी

ED Raids: पोनमुडी तमिलनाडु के दूसरे ऐसे मंत्री हैं, जिनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसी ने कार्रवाई शुरू की है। ED ने हाल ही में वरिष्ठ DMK नेता और परिवहन मंत्री वी. सेंथिल बालाजी के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई शुरू की थी। प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले महीने राज्य के परिवहन विभाग में हुए 'नौकरी के बदले नकदी' घोटाले के सिलसिले में सेंथिल बालाजी को गिरफ्तार किया था

अपडेटेड Jul 17, 2023 पर 11:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
K Ponmudy: पोनमुडी को हाल ही में आय से अधिक संपत्ति मामले और जमीन हड़पने के आरोप में अदालतों ने बरी कर दिया था

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में तमिलनाडु के एक और मंत्री के घरों पर छापेमारी की है। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के नेता और तमिलनाडु के उच्च शिक्षा मंत्री के पोनमुडी (Tamil Nadu higher education minister K Ponmudy) तथा उनके बेटे एवं सांसद गौतम सिगमनी के परिसरों पर छापेमारी की। सूत्रों ने बताया कि राजधानी चेन्नई के अलावा विलुपुरम में पोनमुडी और सिगमनी से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली जा रही है। ED के अधिकारियों ने सोमवार सुबह चेन्नई, विल्लुपुरम और राज्य के अन्य स्थानों में पोनमुडी के घर और अन्य संपत्तियों की तलाशी शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, पोनमुडी के रिश्तेदारों और दोस्तों के परिसरों सहित 9 स्थानों पर तलाशी चल रही है।

तलाशी CRPF कर्मियों की मदद से की जा रही है, जिन्होंने परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया है। ED ने छापेमारी करने से पहले मंत्री के घर और ऑफिस में मौजूद सभी निजी कर्मचारियों को वहां से चले जाने को कहा। पोनमुडी को हाल ही में आय से अधिक संपत्ति मामले और जमीन हड़पने के आरोप में अदालतों ने बरी कर दिया था।

बेट के यहां भी छापेमारी


न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उनके बेटे और लोकसभा सांसद गौतम सिगमनी के यहां भी छापेमारी चल रही है। सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और विल्लुपुरम में पिता-पुत्र के परिसरों पर छापेमारी की जा रही है।

यह मनी लॉन्ड्रिंग का मामला कथित अनियमितताओं से जुड़ा है, जब पोनमुडी राज्य के खनन मंत्री (2007 और 2011 के बीच) थे। उनपर खदान लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन के आरोप है, जिससे सरकारी खजाने को कथित तौर पर लगभग 28 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

दूसरे मंत्री पर कार्रवाई

पोनमुडी तमिलनाडु के दूसरे ऐसे मंत्री हैं, जिनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसी ने कार्रवाई शुरू की है। ED ने हाल ही में वरिष्ठ DMK नेता और परिवहन मंत्री वी. सेंथिल बालाजी के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई शुरू की थी।

ये भी पढ़ें- Vande Bharat Express Fire: भोपाल-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित, देखें वीडियो

प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले महीने राज्य के परिवहन विभाग में हुए 'नौकरी के बदले नकदी' घोटाले के सिलसिले में सेंथिल बालाजी को गिरफ्तार किया था। वह अब भी बिना विभाग के मंत्री बने हुए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।