Rajya Sabha Election 2024: भारतीय चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने सोमवार को बताया कि 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 27 फरवरी को होंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक, इसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी होगी। नामांकन की जांच 16 फरवरी को होगी। उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। जबकि 27 फरवरी को मतदान सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक होगा। उसी दिन वोटों की गिनती भी की जाएगी।
13 राज्यों के 50 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त होने वाला है। जबकि दो राज्यों के शेष 6 सदस्यों का कार्यकाल 3 अप्रैल को पूरा होगा। जिन राज्यों में चुनाव होने हैं उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं।
राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 6 वर्ष का होता है। वर्तमान में संसद के ऊपरी सदन यानी राज्यसभा में 245 सदस्य हैं, जिनमें 233 निर्वाचित सदस्य और 12 नामांकित सदस्य शामिल हैं। सदन के एक तिहाई सदस्य हर दो साल में रिटायर हो जाते हैं।
इस महीने की शुरुआत में आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकित किए जाने के बाद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली महिला आयोग (DCW) के प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया।
AAP ने जेल में बंद संजय सिंह और एनडी गुप्ता को भी संसद के उच्च सदन में दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नामांकित किया है। दिल्ली की एक अदालत ने उत्पाद शुल्क नीति मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार संजय सिंह को राज्यसभा के पुनर्नामांकन के लिए फॉर्म और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दी थी।
किस राज्य में कितनी सीटों पर होंगे चुनाव?