अगले 10 सालों में देश को मिलेंगे रिकॉर्ड संख्या में नए डॉक्टर, जानें PM मोदी ने क्यों की भविष्यवाणी

PM मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गुजरात के भुज में 200 बिस्तरों वाले केके पटेल मुतली स्पेशियलिटी अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित किया

अपडेटेड Apr 15, 2022 पर 3:19 PM
Story continues below Advertisement
PM मोदी ने कहा कि सरकारी योजनाओं से गरीबों को इलाज में काफी मदद मिल रही है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार की हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के प्लान के कारण देश को अगले 10 सालों में रिकॉर्ड संख्या में डॉक्टर मिलेंगे। पीएम मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के भुज जिले में 200 बिस्तरों वाला केके पटेल धर्मार्थ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल राष्ट्र को समर्पित किया। इसी दौरान पीएम मोदी ने यह भविष्यवाणी की।

इस दौरान पीएम मोदी ने देश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लक्ष्य और मेडिकल एजुकेशन को सर्वसुलभ बनाने के सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों से आने वाले 10 सालों में देश को रिकॉर्ड संख्या में नए डॉक्टर मिलने वाले हैं।

वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अस्पताल के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सिर्फ बीमारी के इलाज तक ही सीमित नहीं होती हैं बल्कि सामाजिक न्याय को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी गरीब को सस्ता और उत्तम इलाज सुलभ होता है तो उसका व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है।


सरकारी योजनाओं से गरीबों को मिल रही मदद

पीएम मोदी ने कहा कि इलाज के खर्च की चिंता से गरीब को मुक्ति मिलती है तो वह निश्चिंत होकर गरीबी से बाहर निकलने के लिए परिश्रम करता है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में स्वास्थ्य के क्षेत्र की जितनी भी योजनाएं लागू की गई हैं, उनकी प्रेरणा यही सोच है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और जनऔषधि योजना से हर साल गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लाखों करोड़ रुपये इलाज में खर्च होने से बच रहे हैं। इस अस्पताल का निर्माण भुज के श्री कच्छी लेवा पटेल समाज द्वारा किया गया है। यह पूरे कच्छ में पहला धर्मार्थ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है।

इस अस्पताल में मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं जैसे कि इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी (कैथलैब), कार्डियोथोरेसिक सर्जरी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, न्यूरो सर्जरी, ज्वाइंट रिप्लेसमेंट और अन्य सहायक सेवाएं सुलभ होंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।