झारखंड (Jharkhand) के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो (Jagarnath Mahto) का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने चेन्नई में आखिरी सांस ली। नवंबर में 2020 में कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित होने के बाद उनका लंग ट्रांसप्लांट हुआ था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता के निधन की पुष्टि की और इसे "अपूरणीय क्षति" बताया।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, "हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे! आज झारखण्ड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया। चेन्नई में इलाज के दौरान आदरणीय जगरनाथ महतो जी का निधन हो गया। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।"
गिरिडीह में डुमरी विधानसभा सीट से विधायक जगरनाथ महतो को पिछले महीने राज्य के बजट सत्र के दौरान बीमार पड़ने के बाद चेन्नई ले जाया गया था।
झारखंड में कैसा है Covid-19 का प्रकोप?
झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आए हैं, जिससे इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को ये जानकारी दी।
विभाग की तरफ से बुधवार रात जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों में Covid-19 संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए, जिनमें से सबसे ज्यादा पांच मामले लोहरदगा में और पूर्वी सिंहभूम जिले में तीन मामले सामने आए हैं।
विभाग ने बताया कि आज की तारीख में राज्य में कोरोना संक्रमण के 51 मरीजों का इलाज जारी है, जबकि कुल सात जिले कोरोना से प्रभावित हैं।
राज्य में अब तक कुल 442661 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से 437278 ने इस संक्रमण को मात दी है। राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना के कुल 1177 टेस्ट किए गए।