झारखंड में नई सरकार को लेकर सस्पेंस! चंपई सोरेन को अभी तक नहीं शपथ ग्रहण का न्योता, BJP हुई एक्टिव

Jharkhand Politics: झारखंड में राजनीतिक संकट के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने राज्यपाल को लिखे पत्र में कहा कि हेमंत सोरेन ने बुधवार रात मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया था, जिसे राजभवन ने रात 8.45 बजे स्वीकार कर लिया था। लेकिन अब भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है

अपडेटेड Feb 01, 2024 पर 7:26 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
JMM विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने 43 विधायकों के समर्थन वाला एक वीडियो शेयर किया है

Jharkhand Politics: झारखंड में राजनीतिक संकट के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) विधायक दल के नेता चंपई सोरेन (Champai Soren) ने गुरुवार को दोबारा राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मिलने राजभवन पहुंचे। चंपई का दावा है कि उनके पास 43 विधायकों का समर्थन है। हालांकि, बहुमत से ज्यादा विधायकों का समर्थन होने के बावजूद 24 घंटे बाद भी राज्यपाल ने अभी तक चंपई को शपथ ग्रहण के लिए समय नहीं दिया है। गुरुवार शाम चंपई सोरेन ने राज्यपाल से दोबारा मुलाकात की, लेकिन शाम 7 बजे तक उन्हें सरकार बनाने का न्योता नहीं मिला था। हालांकि, राजभवन से बाहर निकलने के बाद चंपई ने कहा- राज्यपाल जल्द शपथग्रहण के लिए बुलाएंगे।

JMM विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने राजभवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा, "हमने कल (31 जनवरी) नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। हमने राज्यपाल से कहा कि हम इस विषय पर क्लियर है। हमने उनसे इसे जल्दी करने का अनुरोध किया है। उन्होंने भी कहा है कि वो जल्द ही करेंगे।" चंपई सोरेन ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा, "हम एकजुट हैं। सभी 43 विधायक सर्किट हाउस में ठहरे हुए हैं।"

उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने सरकार बनाने के हमारे अनुरोध पर जल्द ही निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। इस दौरान कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने भी राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा, "अगर झारखंड का राजभवन हमें नहीं बुलाता है तो शुक्रवार दोपहर को फिर से समय मांगा जाएगा।" राजनीतिक संकट के बीच झारखंड में JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन के विधायक सर्किट हाउस से निकलकर बसों से एयरपोर्ट के लिए रवाना होते दिखे।


ये भी पढ़ें- Hemant Soren Arrested: शुक्रवार तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन

चंपई सोरेन ने राज्यपाल को लिखे पत्र में कहा कि हेमंत सोरेन ने बुधवार रात मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया था, जिसे राजभवन ने रात 8.45 बजे स्वीकार कर लिया था। लेकिन अब भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। पत्र में कहा गया है, "पिछले 18 घंटे से राज्य में कोई सरकार अस्तित्व में नहीं है। असमंजस की स्थिति है। आप संवैधानिक मुखिया हैं। हम सभी विधायकों और जनता को उम्मीद है कि आप लोकप्रिय सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेंगे।"

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को बुधवार रात रांची में उनके आधिकारिक आवास पर जमीन घोटाले से जुड़े मामले में 7 घंटे की पूछताछ के बाद ED ने गिरफ्तार कर लिया था। 48 वर्षीय सोरेन को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।