Khalistani Flag: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के गेट पर लगे खालिस्तानी झंडे, SIT को सौंपी गई जांच, CM बोले- ये बर्दाश्त नहीं करेंगे

Khalistani Flag: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के गेटों के साथ-साथ चारदीवारी पर भी पीले झंडे देखे गए। चारदीवारी पर पंजाबी में 'खालिस्तान' भी लिखा हुआ नजर आया

अपडेटेड May 08, 2022 पर 1:50 PM
Story continues below Advertisement
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के गेट पर लगे खालिस्तानी झंडे

धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा (Himachal Pradesh Assembly) के मेन गेट पर रविवार सुबह को खालिस्तान के झंडे (Khalistani Flags) लगे पाए गए। पुलिस ने बताया कि विधानसभा परिसर की बाहरी दीवारों पर कुछ नारे भी लिखे गए थे। हालांकि, अधिकारियों ने गेट और चारदीवारी पर बंधे पाए गए 'खालिस्तानी निशान' वाले झंडों को हटा दिया।

कांगड़ा के एसपी खुशाल शर्मा ने कहा कि घटना देर रात या सुबह की हो सकती है। उन्होंने कहा, "हमने विधानसभा गेट से खालिस्तान के झंडे हटा दिए हैं। यह पंजाब के कुछ पर्यटकों की हरकत हो सकती है। हम आज मामला दर्ज करने जा रहे हैं।"

भले ही अधिकारियों ने गेट और दीवारों से झंडों को हटा दिया हो, लेकिन पहाड़ी राज्य में अब राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। वहीं मामले की जांच अब SIT को सौंप दी गई है।


विधानसभा के गेटों के साथ-साथ चारदीवारी पर भी पीले झंडे देखे गए। चारदीवारी पर पंजाबी में 'खालिस्तान' भी लिखा हुआ नजर आया।

'रात के अंधेरे में नहीं, दिन के उजाले में सामने आएं'

राज्य के मुख्यमंत्री ने घटना की निंदा करते हुए कहा, "धर्मशाला विधानसभा परिसर के गेट पर रात के अंधेरे में खालिस्तान के झंडे लगाने वाली कायरतापूर्ण घटना की मैं निंदा करता हूं। इस विधानसभा में केवल शीतकालीन सत्र ही होता है, इसलिए यहां ज्यादा सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत उसी दौरान रहती है।"

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "इसी का फायदा उठाकर यह कायरतापूर्ण घटना को अंजाम दिया गया है, लेकिन हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस घटना की त्वरित जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मैं उन लोगों को कहना चाहूंगा कि यदि हिम्मत है, तो रात के अंधेरे में नहीं, दिन के उजाले में सामने आएं।"

Tajinder Bagga Arrest: 'मेरा बेटे की हत्या हो सकती थी', तजिंदर बग्गा के पिता ने की बेटे की गिरफ्तारी की जांच की मांग

ठाकुर ने आगे कहा कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं और घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा, "CCTV फुटेज की जांच भी चल रही है। हम दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। मैं राज्य के लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह करता हूं। हम जल्द ही दूसरे राज्यों के साथ अपनी सीमाओं पर सुरक्षा की भी समीक्षा करेंगे।"

तजिंदर बग्गा के जरिए AAP का BJP पर निशाना

इस बीच घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने BJP पर निशाना साधते हुए पूछा कि जब वह राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने में फेल रही, तो उसकी सरकार देश के लोगों को कैसे बचाएगी?

ट्विटर पर तजिंदर सिंह बग्गा की गिरफ्तारी वाले मामले के जरिए निशाना साधते हुए, दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, "पूरी BJP एक गुंडे को बचाने में लगी है और उधर खालिस्तानी झंडे लगाकर चले गए।"

सिसोदिया ने आगे कहा, "जो सरकार विधान सभा ना बचा पाए, वो जनता को कैसे बचाएगी। ये हिमाचल की आबरू का मामला है, देश की सुरक्षा का मामला है। बीजेपी सरकार पूरी तरह फेल हो गई।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।