Tajinder Bagga Arrest: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा (Tajinder Bagga) के पिता की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की। बग्गा को पंजाब पुलिस (Punjab Police) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind kejriwal) को धमकी देने के आरोप में शुक्रवार सुबह को गिरफ्तार किया था।
बग्गा के पिता प्रीत पाल सिंह की तरफ से दायर शिकायत में उनके बेटे की गिरफ्तारी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। FIR में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग हथियार लेकर बीजेपी नेता के घर में घुस आए थे। FIR में प्रीत पाल सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या की जा सकती है और अनुरोध किया कि उनकी जान बचाई जाए।
इसके बाद पंजाब पुलिस की टीम को कुरुक्षेत्र के पिपली में रोक दिया गया। हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली थी कि बग्गा को उनके घर से "जबरन" उठाया गया था।
कुरुक्षेत्र के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों समेत दिल्ली पुलिस के जवानों की एक टीम कुरुक्षेत्र पहुंची और बग्गा को हिरासत में लिया और राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो गए।
ANI ने बग्गा के पिता के हवाले से कहा, "मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि मुझे पंजाब पुलिस के जवानों ने मारा है। मैंने अभी तक तजिंदर से बात नहीं की है। मैं दिल्ली पुलिस को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देता हूं।"
बग्गा के पिता ने कहा, "स्थानीय पुलिस उनके साथ नहीं आई। मुझे जानकारी मिली कि वह सोनीपत पार कर दिल्ली आ रहा है। वे (पंजाब पुलिस) पहले आए होंगे और कह सकते हैं कि उन्होंने नोटिस दिया है, हो सकता है, मुझे नहीं पता। मुझे बस इतना पता है कि वे आज गुंडों की तरह आए और उन्होंने कोई वारंट नहीं दिया।"
सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बग्गा का ठिकाना पूछने के लिए उनके घर में घुसे लोगों से जब उन्होंने पूछताछ की, तो उन्हें थप्पड़ मारा गया।
जनकपुरी पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR में दावा किया गया है कि बग्गा ने लोगों से आग्रह किया कि वे उसे ले जाने से पहले अपनी पगड़ी पहनने दें, लेकिन उन्होंने ऐसा भी नहीं करने दिया और उन्हें घर से बाहर खींच लिया गया।
'अपहरण के साथ हमारे धर्म का भी अपमान'
वहीं तजिंदर बग्गा की मां ने कहा, "ये राजनीतिक बदले की भावना है, क्योंकि तजिंदर RTI के जरिए मोहल्ला क्लीनिक, स्कूल और अस्पताल का खुलासा करता है। इसलिए केजरीवाल को लगता है कि ये हमारा खुलासा करेंगे, तो इनको रास्ते से हटाना पड़ेगा। जो भी इनके खिलाफ आवाज उठाता है ये उनको दबाने की कोशिश करते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "सुबह पुलिस घर पर आई और वो तजिंदर को ले जाने लगे। तजिंदर के पापा ने जैसे ही वीडियो बनाना शुरू किया उन्होंने उनको मारा और फोन छीन लिया, ताकि वो वीडियो न बना सकें। तजिंदर को पगड़ी भी नहीं पहनने दिया, उन्होंने अपहरण के साथ-साथ हमारे धर्म का भी अपमान किया है।"
तजिंदर पाल सिंह बग्गा आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कट्टर आलोचक हैं। बग्गा को पंजाब पुलिस के अधिकारियों की एक टीम ने दिल्ली के जनकपुरी में उनके घर से गिरफ्तार किया था।