Maharashtra Assembly Elections 2024: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (MVA) में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इसे लेकर घमासान शुरू हो गई है। शिवसेना (UBT) विपक्षी गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे की वकालत कर रही है। इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के चयन के लिए मानदंड तय कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में गठबंधन में सबसे अधिक सीटें जीतने वाली पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा।
NCP (शरदचंद्र पवार) महा विकास अघाड़ी का हिस्सा है। इस गठबंधन में कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव ठाकरे) भी शामिल हैं। राज्य में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शरद पवार ने कहा है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले महा विकास अघाड़ी को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा करने की कोई जरूरत नहीं है। गठबंधन सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा।
अधिक सीटें जीतने वाली पार्टी करेगी नेृतत्व
पवार ने कहा कि गठबंधन का मुख्यमंत्री इस आधार पर तय होगा कि चुनाव में कौन सी पार्टी सबसे ज्यादा सीटें जीतती है। बता दें कि यह विचार पहले शिवसेना (यूबीटी) को पसंद नहीं आया था। इंडिया टुडे के मुताबिक पवार ने कहा, "सीएम का चेहरा घोषित न करने से कहीं कोई बाधा नहीं है। अभी इस बारे में सोचने की जरूरत नहीं है। कौन नेतृत्व करेगा, यह संख्या के हिसाब से तय किया जाना चाहिए। चुनाव से पहले कोई व्यवस्था करने की जरूरत नहीं है।"
2019 के राज्य चुनावों के बाद गठबंधन का गठन किया गया था क्योंकि किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों में एमवीए ने 48 में से 29 सीटें जीतीं और महायुति को 19 सीटें मिलीं। महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल हैं।
मोरारजी देसाई का दिया उदाहरण
पवार ने ABP माझा से 1977 का उदाहरण दिया जब मोरारजी देसाई को प्रधानमंत्री के रूप में चुना गया था, भले ही उनके नाम की घोषणा नहीं की गई थी। पवार ने कहा कि लोगों का समर्थन मिलने के बाद गठबंधन राज्य को एक स्थिर वैकल्पिक सरकार देगा। 2019 के राज्य चुनावों में बीजेपी के पास अधिकतम 105 सीटें थीं, लेकिन वह बहुमत से दूर थी। रिजल्ट के बाद, तत्कालीन शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राज्य में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस और एनसीपी से हाथ मिला लिया।
इसके बाद जून 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट ने तत्कालीन मुख्यमंत्री ठाकरे के खिलाफ विद्रोह किया और राज्य में सरकार बनाने के लिए बीजेपी से हाथ मिलाया। शिंदे मुख्यमंत्री बने और बीजेपी के देवेंद्र फड़नवीस राज्य के डिप्टी सीएम बने।। एक साल बाद एनसीपी में भी इसी तरह का विभाजन हुआ और अजित पवार के नेतृत्व वाला एक गुट एकनाथ-फड़नवीस सरकार में शामिल हो गया। अजित पवार फिलहाल महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री हैं।