Maharashtra: 'अपने 52 विधायकों को छोड़ा, सरकारी घर छोड़ा, लेकिन शरद पवार को छोड़ने को तैयार नहीं', CM उद्धव पर बागी विधायक का तंज

Maharashtra Political Crisis: गुलाबराव पाटिल ने कहा कि हमें जो कुछ भी मिला है, वो भी हमारी तरफ से किए गए बलिदानों के कारण है। हमने अपने घर का बलिदान दिया है। हम अवसरवादी नहीं हैं

अपडेटेड Jun 29, 2022 पर 3:33 PM
Story continues below Advertisement
CM उद्धव पर बागी विधायक गुलाबराव पाटिल का तंज

Maharashtra Crisis: शिवसेना (Shiv Sena) के बागी विधायक और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गुलाबराव पाटिल (Gulabrao Patil) ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) अपने 52 विधायकों को छोड़ चुके हैं, लेकिन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) को छोड़ने को तैयार नहीं हैं। गुलाबराव पाटिल ने शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पर सीधे निशाना साधते हुए कहा कि बागी विधायक अवसरवादी नहीं थे और उन्होंने पार्टी और अपने नेता के लिए सब कुछ किया, जब वे ऐसा करने की स्थिति में भी नहीं थे।

गुलाबराव पाटिल ने गुवाहाटी में शिवसेना के अन्य बागी विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, "उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास 'वर्षा' छोड़ दिया, उन्होंने 52 विधायकों को छोड़ दिया, उन्होंने सभी को छोड़ दिया, लेकिन वह शरद पवार को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं।"

उन्होंने कहा, "हमें जो कुछ भी मिला है, वो भी हमारी तरफ से किए गए बलिदानों के कारण है। हमने अपने घर का बलिदान दिया है। हम अवसरवादी नहीं हैं।"


पार्टी नेता संजय राउत की टिप्पणी के लिए कि "पाटिल को उनकी पान की दुकान पर वापस भेजा जाएगा", बागी विधायक ने कहा, "जब समय आएगा, मैं चूना लगाऊंगा।"

महाराष्ट्र का राजनीतिक संकट

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व में पार्टी विधायकों के एक समूह की बगावत के कारण महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (MVA) सरकार के अस्तित्व पर खतरा पैदा हो गया है। गुलाबराव पाटिल भी बागी विधायकों के इस समूह में शामिल हैं।

ये विधायक शिवसेना प्रमुख से NCP और कांग्रेस के साथ संबंध तोड़ने का आग्रह कर रहे हैं। राज्य की महा विकास आघाड़ी (MVA) सरकार में शिवसेना के अलावा NCP और कांग्रेस भी शामिल है।

Maharashtra Crisis: राज्यपाल की मांग पर टीम उद्धव के लिए लिटमस टेस्ट कल, जानें फ्लोर टेस्ट का पूरा प्रोसेस

गौरतलब है कि शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे की अगुवाई में पार्टी के विधायकों के एक समूह ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ करीब एक हफ्ते पहले बगावत कर दी थी।

इसके बाद इन विधायकों को सूरत के होटल ले जाया गया था, जहां से विधायकों का यह समूह गुवाहाटी चला गया था। वहीं उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को शिवसेना के बागी विधायकों से मुंबई वापस लौटने और बातचीत करने की अपील की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।