मनीष सिसोदिया का बड़ा दावा- 'BJP ने भेजा संदेश, CBI-ED के केस बंद करने का दिया ऑफर'

Manish Sisodia ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन्हें आम आदमी पार्टी (AAP) को तोड़ने पर सीबीआई और ईडी के सभी केस बंद कराने के लिए ऑफर दिया है

अपडेटेड Aug 22, 2022 पर 12:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया आज से दो दिनों के लिए गुजरात जाएंगे

दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर बड़ा आरोप लगाया है। आबकारी नीति से जुड़े मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई जांच का सामना कर रहे सिसोदिया ने दावा किया है कि उन्हें आम आदमी पार्टी (AAP) को तोड़कर बीजेपी में शामिल होने का ऑफर मिला है। सिसोदिया ने दावा किया है कि बीजेपी ने उन्हें AAP को तोड़ने पर सीबीआई और ईडी के सभी केस बंद कराने के लिए ऑफर दिया है।

मनीष सिसोदिया ने सोमवार को ट्वीट किया, "मेरे पास भाजपा को संदेश आया है- 'आप' तोड़कर भाजपा में आ जाओ, सारे सीबीआई, ईडी के केस बंद करवा देंगे। मेरा भाजपा को जवाब- मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूं, राजपूत हूं। सर कटा लूंगा लेकिन भ्रष्टाचारियों-षड्यंत्रकारियों के सामने झुकूंगा नहीं। मेरे ख़िलाफ़ सारे केस झूठे हैं. जो करना है कर लो।"

ये भी पढ़ें- Farmers Protest: जंतर-मंतर पर किसानों की महापंचायत आज! दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, इन रास्तों से जानें से बचें


आपको बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया आज से दो दिनों के लिए गुजरात जाएंगे। गुजरात में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी लगातार दावा कर रही है कि झूठे आरोप में दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को जेल में डालने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।

इससे पहले रविवार को सिसोदिया ने दावा किया था कि सीबीआई ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। हालांकि, बाद में केंद्रीय एजेंसी ने स्पष्ट किया था कि सिसोदिया के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी नहीं हुआ है, क्योंकि सरकारी सेवक होने के नाते उनके बिना सूचना दिए विदेश जाने की संभावना नहीं है।

सिसोदिया ने आबकारी नीति में 2021-22 में कथित अनियमितताओं को लेकर अपने आवास पर सीबीआई की छापेमारी के दो दिन बाद रविवार को कहा कि "एक मौका केजरीवाल को" देने की बात अब राष्ट्रीय स्तर की बात बन गई है।

उन्होंने कहा कि देश के लोग चाहते हैं कि केजरीवाल प्रधानमंत्री बनें क्योंकि हर कोई अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, रोजगार और सस्ती या मुफ्त बिजली का हकदार है, जो केवल आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया द्वारा प्रदान की जा सकती है।

सिसोदिया आबकारी नीति 2021-22 के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज किए गए मामले के आरोपियों में से एक हैं। सीबीआई ने शुक्रवार को आबकारी नीति की जांच के सिलसिले में सिसोदिया के घर समेत 31 ठिकानों पर छापेमारी की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।