MCD Elections 2022: दिल्ली नगर निगम (MCD Polls) चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा (Mahabal Mishra) रविवार को आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए। पूर्वांचल समाज के बड़े नेता महाबल मिश्रा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी का दामन थामा। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली के पहाड़गंज में एक जनसभा को संबोधित करने पंहुचे थे, जहां मिश्रा औपचारिक रूप से AAP में शामिल हुए। इस दौरान केजरीवाल ने कहा, "जो लोग दिल्ली में विकास और कल्याण के काम को रोकना चाहते हैं, उन्हें वोट न दें।"
तीन बार के कांग्रेस विधायक रहे महाबल मिश्रा द्वारका से AAP के विधायक विनय मिश्रा (Vinay Mishra) के पिता हैं। दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव से पहले इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि, दिल्ली एमसीडी चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच ही माना जा रहा है। एमसीडी चुनाव के 250 वार्डों के लिए मतदान 4 दिसंबर को होगा और वोटों की गिनती 7 दिसंबर को होगी।
काम करने वालों को वोट दें
करोल बाग में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी ने दिल्लीवासियों को मुफ्त बिजली की आपूर्ति रोकने की साजिश रची है। मैं उन्हें सफल नहीं होने दूंगा। उन्होंने कहा, "आपने मुझे विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटें दी हैं। मुझे इससे कम कुछ नहीं चाहिए।" केजरीवाल ने कहा, "बीजेपी ने 15 साल तक दिल्ली में नगरपालिका वार्डों पर शासन किया। उन्होंने क्या अच्छा काम किया है? अगर AAP सत्ता में आती है, तो हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली की सड़कों पर कचरे का ढेर न लगे। आपको उन्हें वोट देना चाहिए। जो काम करते हैं न कि उनके लिए जो इसमें बाधा डालते हैं।"
चुनावी मैदान में हैं कुल 1,416 उम्मीदवार
दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव में 1,169 नामांकन खारिज होने के बाद कुल 1,416 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 1,416 उम्मीदवारों में से 674 पुरुष जबकि 742 महिलाएं हैं। MCD के 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को मतदान होना है, जबकि इसके परिणाम 7 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, जहां आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने 250-250 उम्मीदवार खड़े किए हैं। वहीं 439 निर्दलीय भी मैदान में हैं। आंकड़ों से पता चलता है कि कांग्रेस ने 247 वार्डों से, बहुजन समाज पार्टी ने 138, समाजवादी पार्टी ने एक और जनता दल (यूनाइटेड) ने 23 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं।