National Herald Case: तीसरे दिन पूछताछ के लिए ED के दफ्तर पहुंचे राहुल गांधी, विरोध में आज भी सड़कों पर उतरे कांग्रेसी

National Herald Case: इस दौरान कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि क्या हम आतंकवादी हैं? तुम हमसे क्यों डरते हो? वे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस बल का इस्तेमाल कर रहे हैं"

अपडेटेड Jun 15, 2022 पर 12:40 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
राहुल गांधी से पूछताछ के विरोध में आज भी सड़कों पर उतरे कांग्रेसी

नेशनल हेराल्ड मामले (National Herald Case) में पूछताछ के तीसरे दिन बुधवार को राहुल गांधी (Rahul Gandhi) प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर पहुंचे। इसके जवाब में राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस (Congress) कार्यकर्ताओं का उग्र विरोध आज भी जारी रहा।

इसके बाद राहुल गांधी से ED की पूछताछ का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता-नेता कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हिरासत में लिए गए।

इस दौरान कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा,"क्या हम आतंकवादी हैं? तुम हमसे क्यों डरते हो? वे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस बल का इस्तेमाल कर रहे हैं।"


चौधरी ने कहा, "ये सरकार अपराधी है, अगर ये अपराधी न होते तो प्रजातंत्र की धज्जियां नहीं उड़ाते। प्रशासन को कुछ कहते हैं, तो ये बोलते है कि हमें ऊपर से निर्देश दिए गए हैं। यानि इन्हें मोदी-शाह ने निर्देश दिया है। हिंदुस्तान में ऐसी बर्बरता पहले नहीं देखी गई।"

वहीं विरोध कर रहे कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्‍लू समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हिरासत में लिया गया है। भूपेश बघेल और केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस नेताओं ने AICC कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

ईडी ने कांग्रेस नेता से मंगलवार को 11 घंटे से अधिक और सोमवार को 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। जांच एजेंसी ने राहुल गांधी से आज भी पेश होने के लिए कहा है।

ईडी धन शोधन रोकथाम अधिनियम (PMLA) की आपराधिक धाराओं के तहत राहुल गांधी का बयान दर्ज कर रही है। इसी मामले में ईडी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को 23 जून को पेश होने के लिए कहा है। सोनिया गांधी कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अस्वस्थ हैं और फिलहाल सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं।

दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

इसी के चलते दिल्ली पुलिस ने बुधवार एक ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट किया, "15.6.22 को कृपया मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड पर सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे के बीच जानें से बचें। विशेष व्यवस्था के कारण इन सड़कों पर यातायात की आवाजाही संभव नहीं होगी।”

एक दूसरे ट्वीट में उसने कहा, "कृपया सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजिस जंक्शन, क्यू-प्वाइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से भी यात्रा करने से बचें। विशेष व्यवस्था के कारण यहां यातायात की भारी आवाजाही रहेगी।"

Parliament Monsoon Session: राष्ट्रपति चुनाव के दिन 18 जुलाई से शुरू हो सकता है संसद का मानसून सत्र

विभाग ने लोगों को दोपहर दो बजकर 15 मिनट से दो बजकर 45 मिनट के बीच यातायात की विशेष व्यवस्था के कारण धौला कुआं फ्लाईओवर तथा गुरुग्राम के बीच एसपी मार्ग पर यात्रा करने से बचने के लिए कहा है।

एक दूसरे ट्वीट में उसने कहा कि यातायात की विशेष व्यवस्था से गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक और पृथ्वीराज रोड से आगे नयी दिल्ली में बसों के आने पर रोक रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।