Nehru Museum: नेहरू मेमोरियल म्यूजियम का बदला गया नाम, केंद्र सरकार पर भड़की कांग्रेस

Nehru Museum: संस्कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि NMML की एक विशेष बैठक में इसका नाम बदलने का फैसला किया गया है। मंत्रालय ने बताया कि सोसाइटी के उपाध्यक्ष रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बैठक की अध्यक्षता की। बयान में बताया गया है कि सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए नाम में बदलाव के प्रस्ताव का स्वागत किया

अपडेटेड Jun 16, 2023 पर 4:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
संस्कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि NMML की एक विशेष बैठक में इसका नाम बदलने का फैसला किया गया है

दिल्ली के तीन मूर्ति भवन परिसर में स्थित 'नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी (NMML)' का नाम बदल दिया गया है। इसका नाम अब 'प्राइम मिनिस्टर्स म्यूजियम एंड सोसाइटी (PMMS)' होगा। गुरुवार शाम NMML सोसायटी की एक बैठक हुई थी और इसमें नाम बदलने का निर्णय लिया गया। तीन मूर्ति भवन भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का आधिकारिक आवास था। आपको बता दें कि NMML सोसायटी के उपाध्यक्ष राजनाथ सिंह हैं और उन्होंने बैठक की अध्यक्षता की थी। इस बदलाव को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है।

संस्कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि NMML की एक विशेष बैठक में इसका नाम बदलने का फैसला किया गया है। मंत्रालय ने बताया कि सोसाइटी के उपाध्यक्ष रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बैठक की अध्यक्षता की। बयान में बताया गया है कि सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए नाम में बदलाव के प्रस्ताव का स्वागत किया।

मंत्रालय ने आगे कहा कि अपने नए प्रारूप में यह संस्थान जवाहरलाल नेहरू से लेकर नरेंद्र मोदी तक सभी प्रधानमंत्रियों के योगदान और उनके सामने आई विभिन्न चुनौतियों के दौरान उनकी प्रतिक्रियाओं को दर्शाता है।


राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्रियों को एक संस्था बताते हुए और विभिन्न प्रधानमंत्रियों की यात्रा की इंद्रधनुष के विभिन्न रंगों से तुलना करते हुए इस बात पर जोर दिया कि इंद्रधनुष को सुंदर बनाने के लिए उसके सभी रंगों का उचित अनुपात में प्रतिनिधित्व किया जाना चाहिए। बयान में कहा गया कि इसलिए प्रस्ताव में एक नया नाम दिया गया है, हमारे सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों का सम्मान किया गया है और इसकी सामग्री लोकतांत्रिक है।

ये भी पढ़ें- Adipurush की बुराई करना शख्स को पड़ा भारी, प्रभास के फैंस ने युवक की कर दी पिटाई, वीडियो वायरल

कांग्रेस ने की आलोचन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने NMML का नाम बदले जाने की निंदा की है। रमेश ने कहा कि संकीर्णता और प्रतिशोध का दूसरा नाम मोदी है। उन्होंने ट्वीट किया, "संकीर्णता और प्रतिशोध का दूसरा नाम मोदी है। 59 वर्षों से अधिक समय से नेहरू स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय एक वैश्विक बौद्धिक ऐतिहासिक स्थल और पुस्तकों एवं अभिलेखों का ख़ज़ाना घर रहा है। अब से इसे प्रधानमंत्री म्यूजियम और सोसायटी कहा जाएगा। पीएम मोदी भारतीय राष्ट्र-राज्य के शिल्पकार के नाम और विरासत को विकृत करने, नीचा दिखाने और नष्ट करने के लिए क्या नहीं करेंगे। अपनी असुरक्षाओं के बोझ तले दबा एक छोटे कद का व्यक्ति स्वघोषित विश्वगुरु बना फिर रहा है।"

वहीं, कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कहा, "जिनका कोई इतिहास ही नहीं है, वो दूसरों के इतिहास को मिटाने चले हैं! Nehru Memorial Museum & Library का नाम बदलने के कुत्सित प्रयास से, आधुनिक भारत के शिल्पकार व लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की शख़्सियत को कम नहीं किया जा सकता। इससे केवल BJP-RSS की ओछी मानसिकता और तानाशाही रवैये का परिचय मिलता है। मोदी सरकार की बौनी सोच, 'हिन्द के जवाहर' का भारत के प्रति विशालकाय योगदान कम नहीं कर सकती!"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।