Nupur Sharma: 'मैं अपने शब्द वापस लेती हूं', BJP से सस्पेंड होने के बाद नूपुर शर्मा ने विवादित बयान के लिए मांगी माफी

नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) पर पैगंबर मुहम्मद (Prophet Muhammad) के बारे में अपने बयान से टीवी डिबेट के दौरान धार्मिक संवेदनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। उन्हें पार्टी ने 6 महीने के लिए सस्पेंड कर दिया है

अपडेटेड Jun 05, 2022 पर 8:48 PM
Story continues below Advertisement
BJP से सस्पेंड होने के बाद नूपुर शर्मा ने विवादित बयान के लिए मांगी माफी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रवक्ता नुपुर शर्मा (Nupur Sharma) को पैगंबर मुहम्मद (Prophet Muhammad) पर अपने विवादित बयानों के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। पार्टी के इस एक्शन के बाद उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांगी है। शर्मा ने एक लिखत बयान जारी कर कहा, "मेरे शब्द अगर किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं, तो मैं उन्हें वापस लेती हूं।"

उन्होंने अपने बयान में कहा, "मैं पिछले कई दिनों से टीवी डिबेट पर जा रही थी, जहां रोजाना मेरे आराध्य शिव जी का अपमान किया जा रहा था। मेरे सामने यह कहा था जा रहा था कि वो शिवलिंग नहीं फव्वारा है। दिल्ली के हर फुटपाथ पर बहुत शिवलिंग पाए जाते हैं, जाओ जा के पूजा कर लो।"

शर्मा ने आगे कहा, "मेरे सामने बार-बार इस प्रकार से हमारे महादेव शिव जी के अपमान को मैं बर्दाश्त नहीं कर पाई और मैंने रोष में आके कुछ चीजें कह दीं। अगर मेरे शब्दों से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची हो, तो मैं अपने शब्द वापिस लेती हूं। मेरी मंशा किसी को कष्ट पहुंचाने की कभी नहीं थी।"


नूपुर शर्मा पर पैगंबर मुहम्मद के बारे में अपने बयान से टीवी डिबेट के दौरान धार्मिक संवेदनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। पूर्व BJP प्रवक्ता के खिलाफ मुंबई, हैदराबाद और पुणे में धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में मामले दर्ज किए गए हैं।

नवीन कुमार जिंदल पार्टी से निष्कासित

पार्टी ने शर्मा के साथ ही ट्विटर पर पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए कथित विवादित बयान के लिए पार्टी की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल (Naveen Kumar Jindal) को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

जिंदल ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने व उनपर हमले करने वालों से सवाल पूछते हुए उन्होंने एक सवाल उठाया था। उनका किसी समुदाय से जुड़े लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।

पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ बयान देने के बाद BJP ने प्रवक्ता नूपुर शर्मा और मीडिया प्रभारी नवीन जिंदल को किया निलंबित

शर्मा और जिंदल दोनों ही ने ट्विटर पर लोगों से आग्रह किया है कि वे उनके घर का पता सार्वजनिक ना करें, क्योंकि उन्हें व उनके परिवार के सदस्यों को धमकियां मिल रही हैं।

उनका यह संदेश इस संदर्भ में था कि पार्टी ने कार्रवाई से जुड़ा, जो पत्र उन्हें भेजा है। उनमें उनके घर का पता भी है और लोग उस पत्र की कॉपी को ट्विटर पर शेयर कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।