PM मोदी ने गुजरात के भरूच में 8,000 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

पीएम मोदी ने अपने तीन दिवसीय गृह राज्य गुजरात दौरे के दूसरे दिन सोमवार को भारत को फार्मास्युटिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए जंबूसर में बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला रखी

अपडेटेड Oct 10, 2022 पर 4:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पीएम मोदी 3 दिवसीय दौरे के लिए रविवार को गुजरात पहुंचे थे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने सोमवार को गुजरात में भरूच के आमोद में 8,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पीएम मोदी 3 दिवसीय दौरे के लिए रविवार को गुजरात पहुंचे थे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

पीएम मोदी ने अपने तीन दिवसीय गृह राज्य गुजरात दौरे के दूसरे दिन सोमवार को भारत को फार्मास्युटिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए जंबूसर में बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला रखी।

ये भी पढ़ें- RIP Mulayam Singh: 'मैं जाति से मेहतर हूं, इसके बावजूद नेता जी मुझे अपना भाई ही कहते थे', मुलायम सिंह के निधन पर सैफई के प्रधान ने दी श्रद्धांजलि


वर्ष 2021-22 में इन ड्रग्स का दवाइयों के कुल आयात में 60 फीसदी से अधिक का योगदान था। यह परियोजना आयात प्रतिस्थापन सुनिश्चित करने और बल्क ड्रग्स के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाने में सहायता प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इन परियोजना की रखी आधारशिला

प्रधानमंत्री ने दहेज में ‘डीप सी पाइपलाइन परियोजना’ की आधारशिला भी रखी। इससे औद्योगिक संपदाओं से शोधित अपशिष्ट जल के निपटान में सहायता मिलेगी। उन्होंने अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी उनमें अंकलेश्वर एयरपोर्ट का पहला चरण और अंकलेश्वर एवं पनोली में बहुस्तरीय औद्योगिक शेड का विकास शामिल है।

इन विकास कार्यों का किया शिलान्यास

इसके अलावा पीएम मोदी ने आज विभिन्न औद्योगिक पार्कों के विकास का शिलान्यास भी किया। इनमें 4 जनजातीय औद्योगिक पार्क शामिल हैं जो वालिया (भरूच), अमीरगढ़ (बनासकांठा), चकालिया (दाहोद) और वानर (छोटा उदयपुर) में स्थापित होंगे। इसके अलावा मुडेथा (बनासकांठा) में एग्रो फूड पार्क; काकवाड़ी दांती (वलसाड) में सी फूड पार्क और खांडिवाव (महिसागर) में एमएसएमई पार्क का निर्माण शामिल है।

इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कई परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं जिनसे रसायन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने दहेज में 130 मेगावाट के सह उत्पादन पावर प्लांट के साथ एकीकृत 800 टीपीडी कास्टिक सोडा प्लांट का लोकार्पण किया। इसके साथ-साथ दहेज में मौजूदा कास्टिक सोडा प्लांट के विस्तार का भी लोकार्पण किया जिसकी क्षमता 785 एमटी/दिन से बढ़ाकर 1310 एमटी/दिन की दी गई है।

क्लोरोमेथेन परियोजना का भी लोकार्पण

उन्होंने दहेज में एक लाख एमटी प्रति वर्ष से अधिक क्लोरोमेथेन के निर्माण के लिए एक परियोजना का भी लोकार्पण किया। पीएम मोदी द्वारा राष्ट्र को समर्पित की गईं अन्य परियोजनाओं में दहेज स्थित हाइड्राज़ीन हाइड्रेट संयंत्र शामिल है जो उत्पाद के आयात प्रतिस्थापन में मदद करेगा। इसके अलावा आईओसीएल दहेज-कोयली पाइपलाइन परियोजना, भरूच भूमिगत जल निकासी और एसटीपी कार्य तथा उमला आसा पनेथा सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूत बनाना शामिल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।