देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) आज गोरखपुर (Gorakhpur) का दौरा करेंगे और राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के गृह क्षेत्र में 9,600 करोड़ के तीन मेगा प्रोजेक्ट्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। इनमें सबसे महत्वपूर्ण और सबसे बड़ा प्रोजेक्ट गोरखपुर का खाद कारखाना है, जिसकी कुल लागत 8603 करोड़ रुपये है और यह 600 एकड़ में बना हुआ है।
सोमवार की शाम को सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। सीएम ने कहा कि जनसभा में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुविधा का ख्याल रखा जाए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बतौर पीएम मोदी का शासन उत्तर प्रदेश के विकास के लिए ऐतिहासिक रहा है।
इसके अलावा पीएम मोदी गोरखपुर में पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले एम्स (Gorakhpur AIIMS) और ICMR के हाईटेक लैब्स का उद्घाटन करेंगे। गोरखपुर एम्स की कुल लागत 1011 करोड़ रुपये है और ये 112 एकड़ में तैयार हुआ है। ये 300 बेड का अस्पताल है, इसके बन जाने से बिहार, झारखंड और नेपाल के मरीजों को बेहतर मेडिकल सुविधाएं मिल सकेंगी। यहां 14 मॉडुलर ऑपरेशन थिएटर बनाए गए हैं। सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी मॉडर्न सुविधाएं इस अस्पताल में मौजूद हैं।
यह है पीएम मोदी का कार्यक्रम
पीएम मोदी दोपहर 12:30 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से हेलीकाप्टर से करीब 12:50 बजे फर्टिलाइजर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से मुख्य मंच तक जाएंगे। प्रधानमंत्री दोपहर 1 बजे से 2:15 बजे तक मंच पर मौजूद रहेंगे। पीएम एम्स और खाद कारखाने का उद्घघाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। करीब 2:20 बजे फर्टिलाइजर स्थित हेलीपैड से रवाना होकर प्रधानमंत्री 2:35 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से पांच मिनट बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। नरेन्द्र मोदी करीब दो घंटे 15 मिनट गोरखपुर में रहेंगे।