BJP का मिशन साउथ! पीएम मोदी 3 जनवरी को केरल में 2 लाख महिलाओं को करेंगे संबोधित

PM Modi Kerala visit: BJP की राज्य इकाई के प्रमुख के सुरेंद्रन ने कहा है कि त्रिशूर में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं होंगी, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली प्रमुख हस्तियां भी शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी की त्रिशूर यात्रा दक्षिणी राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी

अपडेटेड Jan 02, 2024 पर 6:53 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
PM Modi Kerala visit: इसे लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आधिकारिक तौर पर BJP का चुनावी बिगुल माना जा रहा है

PM Modi Kerala visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो-तीन जनवरी को तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल के दो दिवसीय दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने मंगलवार को तमिलनाडु में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने करीब 20 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इसके बाद पीएम मोदी अब बुधवार को केरल के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी बुधवार को त्रिशूर में दो लाख महिलाओं की एक विशाल सभा को संबोधित करेंगे। इसे आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का चुनावी बिगुल माना जा रहा है।

संसद के दोनों सदनों में महिला आरक्षण विधेयक को पारित होने पर मोदी को बधाई देने के लिए BJP की केरल इकाई ने थेक्किनकाडु मैदान में 'स्त्री शक्ति मोदीक ओप्पम (Sthree Shakthi Modikk Oppam)' नामक सम्मेलन का आयोजन किया है। आंगनवाड़ी शिक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं, उद्यमियों, कलाकारों, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न पृष्ठभूमि की महिलाओं के इस कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है।

हालांकि इस कार्यक्रम को महिलाओं की एक विशाल बैठक के रूप में योजनाबद्ध किया गया है। लेकिन इसे केरल में राजनीतिक पैठ बनाने के प्रयास में आगामी आम चुनावों के लिए BJP द्वारा चुनाव अभियान की आधिकारिक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने तैयारी तेज कर दी है। भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) भी मिशन दक्षिण में लगी है। भगवा पार्टी दक्षिण भारत के 131 सीटों में से 84 सीटों पर फोकस कर रही है।


क्यों अहम है पीएम मोदी की रैली?

केरल की राजनीति में वर्तमान में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) का प्रभुत्व है। BJP के प्रदेश नेतृत्व ने हाल ही में स्पष्ट किया था कि लोकसभा चुनाव से पहले अगले कुछ महीनों में और अधिक राष्ट्रीय नेता दक्षिणी राज्य का दौरा करेंगे और लोगों से संवाद स्थापति करेंगे। त्रिशूर को सामूहिक कार्यक्रम स्थल के रूप में चुना जाना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह उन निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है जहां BJP को आगामी चुनावों में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

BJP का दावा- मील का पत्थर साबित होगी रैली

BJP की राज्य इकाई के प्रमुख के सुरेंद्रन ने कहा है कि त्रिशूर में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं होंगी, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली प्रमुख हस्तियां भी शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी की त्रिशूर यात्रा दक्षिणी राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी।

ये भी पढ़ें- PM Modi in Tamil Nadu: पीएम मोदी ने तमिलनाडु को दी 20 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

सुरेंद्रन ने त्रिशूर में पत्रकारों से कहा, "अभिनेत्री-नृत्यांगना शोभना, क्रिकेटर मिन्नू मणि, उद्यमी बीना कन्नन, गायिका वाईकॉम विजयलक्ष्मी और भ्रष्टाचार एवं लालफीताशाही के खिलाफ आवाज उठाने वाली मारियाकुट्टी उन लोगों में शामिल होंगी जो प्रधानमंत्री के साथ कार्यक्रम स्थल साझा करेंगी।" उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत केरल की विभिन्न वर्ग की महिलाएं त्रिशूर में एकत्र होंगी और इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह एक ऐतिहासिक कार्यक्रम बन जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।