प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जबाव दे रहे हैं। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने कहा कि सदन में कुछ प्रशंसा हुई और कुछ नकारात्मक बातें भी हुईं। प्रधानमंत्री पिछले दो दिनों से जारी चर्चा का जवाब दे रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में बोलते हुए कहा, "मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि देश की जनता ने मुझे 14वीं बार राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देने का मौका दिया है। इसलिए मैं आदरपूर्वक जनता का आभार व्यक्त करता हूं।"
प्रधानमंत्री मोदी ने अरविंद केजरीवाल और AAP का नाम लिए बैगर कहा कि कुछ लोगों का फोकस शॉवर और जकूजी पर है, लेकिन हमारा ध्यान हर घर नल से जल पर है। उन्होंने दिल्ली चुनाव से पहले 'शीशमहल' की ओर इशारा करते हुए ऐसा कहा।
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "जो लोग अपने मनोरंजन के लिए गरीबों की झोपड़ियों में फोटो सेशन कराते हैं, उन्हें संसद में गरीबों का जिक्र उबाऊ लगेगा।"
PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें:
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने ‘X’ पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी थी। पीएमओ ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम में करीब पांच बजे लोकसभा को संबोधित करेंगे।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गत 31 जनवरी को संसद के संयुक्त सत्र में दिए गए अभिभाषण के लिए उनके प्रति लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया था।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को चर्चा में हिस्सा लेते हुए देश के लिए वैकल्पिक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत पर जोर दिया था और कहा कि वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित कर और इलेक्ट्रिक वाहन, डेटा और आर्टिफिशियल (AI) से जुड़ी आधुनिक युग की क्रांति में भाग लेकर चीन को पछाड़ा जा सकता है।