Maharashtra Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाराष्ट्र दौरे का मंगलवार (30 अप्रैल) को दूसरा दिन है। पीएम मोदी राज्य में NDA और महागठबंधन के उम्मीदवारों के प्रचार अभियान में जुटे हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज यानी 30 अप्रैल को महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वह लातूर और उस्मानाबाद में बीजेपी उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगेंगे। अधिकारियों ने लातूर को "नो-ड्रोन जोन" घोषित कर दिया है। बिरले फार्म में पीएम मोदी की सार्वजनिक बैठक के लिए अन्य कई प्रतिबंध भी लगाए हैं।
भारतीय जनता पार्टी के सुधाकर श्रंगारे लातूर से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। यहां उनका मुकाबला कांग्रेस के शिवाजी कालगे से है। जिला कलेक्टर वर्षा ठाकुर-घुगे ने एक आदेश जारी कर जिले की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक नियमों के साथ-साथ 1 मई की आधी रात तक ड्रोन उड़ाने पर रोक लगा दी है।
पार्टी के लातूर जिले के प्रभारी किरण पाटिल ने कहा कि पीएम की रैली दोपहर 12.30 बजे शुरू होगी। इसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके डिप्टी देवेंद्र फड़नवीस और अजीत पवार शामिल होंगे।
उस्मानाबाद सीट पर लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के वरिष्ठ नेता भी रैली को संबोधित करेंगे। लातूर उन 94 लोकसभा क्षेत्रों में से एक है, जहां 7 मई को तीसरे चरण के मतदान में मतदान होगा।
पीएम मोदी उस्मानाबाद में एक चुनावी रैली भी करेंगे जहां शिवसेना (UBT) के मौजूदा सांसद ओमराजे निंबालकर का मुकाबला महायुति की अर्चना पाटिल से है। महायुति में बीजेपी, शिंदे सेना और अजित पवार के नेतृत्व वाला NCP गुट शामिल है।
उस्मानाबाद में शिवसेना और NCP के बीच है कड़ा मुकाबला
महाराष्ट्र की उस्मानाबाद लोकसभा सीट पर कभी एक-दूसरे के सहयोगी रहे शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के बीच मुकाबला होगा। शिवसेना (यूबीटी) ने इस सीट से मौजूदा सांसद ओमप्रकाश राजेनिम्बालकर को अर्चना पाटिल के खिलाफ मैदान में उतारा है। अर्चना पाटिल राकांपा उम्मीदवार के तौर पर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कर रही हैं।
उस्मानाबाद महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र का सातवां सबसे बड़ा शहर है। हालांकि अब इसे धाराशिव के नाम से जाना जाता है। राज्य सरकार ने जिले का नाम बदलकर धाराशिव कर दिया है। लेकिन निर्वाचन आयोग के रिकॉर्ड में लोकसभा क्षेत्र अभी भी अपने पुराने नाम उस्मानाबाद से जाना जाता है।
इस सीट के अंतर्गत उस्मानाबाद, तुलजापुर, ओमेरगा, लोहारा, कलांब, भूम, परांडा और वाशी विधानसभा सीटें आती हैं। राजेनिम्बालकर ने 2019 के लोकसभा चुनाव में NCP के उम्मीदवार राणा जगजीत सिंह पाटिल को भारी मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की थी।
शिवसेना (यूबीटी) नेता के अनुसार, वह लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं को सुनकर उनका हल निकालते हैं, जिससे वह लोगों के प्रिय बन गए हैं। राजेनिम्बालकर ने कहा कि उनके पास चीनी कारखाने या कॉलेज नहीं हैं, इसलिए उनका समय पूरी तरह से अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए समर्पित है।
जेनिम्बालकर का मुकाबला NCP की अर्चना पाटिल से है। वह NCP से BJP में गए तुलजापुर के विधायक राणा जगजीतसिंह पाटिल की पत्नी हैं। अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और BJP के साथ बने महायुति गठबंधन का हिस्सा है।
पहली बार चुनाव लड़ रहीं अर्चना पाटिल को महिला मतदाताओं पर भरोसा है कि वह उनके पक्ष में मतदान करेंगी। साल 2011 में हुई जनगणना के अनुसार, उस्मानाबाद जिले की जनसंख्या 16,57,576 है, जिसमें 8,61,535 पुरुष और 7,96,041 महिलाएं हैं। तुलजा भवानी मंदिर के लिए प्रख्यात उस्मानाबाद में दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं।