प्रियंका गांधी ने महिलाओं के लिए जारी किया घोषणापत्र, 40% आरक्षण, फ्री स्कूटी और स्मार्टफोन के साथ किए कई बड़े वादे

10वीं से 12वीं में पढ़ने वाली लड़कियों को स्मार्टफोन और ग्रेजुएट की छात्राओं को स्कूटी मिलेगी

अपडेटेड Dec 08, 2021 पर 3:59 PM
Story continues below Advertisement
सरकारी नौकरियों में महिलाओं की 40% सीटों पर भर्ती की जाएगी

UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार को महिलाओं के लिए अलग से घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र में कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने महिलाओं को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। घोषणापत्र के मुताबिक, अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो सरकारी नौकरियों में महिलाओं की 40 फीसदी सीटों पर भर्ती की जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 'महिला चौपाल' का निर्माण किया जाएगा।

Farmers Protest: आज खत्म हो जाएगा किसान आंदोलन? केंद्र के 5 सूत्री प्रस्ताव पर SKM की कमेटी ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग

साथ ही राज्यभर में 25 शहरों में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे और उत्तर प्रदेश के स्कूलों में कक्षा 10वीं से 12वीं में पढ़ने वाली लड़कियों को स्मार्टफोन और ग्रेजुएट की छात्राओं को स्कूटी मिलेगी। वहीं, महिला घोषणापत्र में कहा गया है कि राज्य भर में महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा दिलवाएगी जाएगी और महिलाओं को हर साल 3 गैस सिलेंडर फ्री में दिए जाएंगे।


ये हैं प्रमुख घोषणाएं

प्रियंका गांधी ने बुधवार को महिला घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि हमने महिला घोषणापत्र को छह हिस्सों में बांटा है, स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत। हमने घोषणापत्र में ये घोषणा की है कि नए सरकारी पदों में आरक्षण प्रावधानों के अनुसार 40 फीसदी महिलाओं की नियुक्ति होगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में हम 40 प्रतिशत हिस्सेदारी से शुरू कर रहे हैं, हम चाहते हैं कि ये एक दिन 50 फीसदी बने। कामकाजी महिलाओं के लिए 25 शहरों में सुरक्षित और नवीनतम सुविधाओं वाले छात्रावास बनाए जाएंगे और मनरेगा में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

लड़कियों को स्कूटी और महिलाओं को गैस सिलेंडर मुफ़्त मिलेंगे

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि स्नातक में नामांकित लड़कियों को स्कूटी मिलेगी। महिलाओं को हर साल तीन गैस सिलेंडर मुफ़्त मिलेंगे। परिवार में पैदा होने वाली प्रत्येक बालिका के लिए एक एफडी बनवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने पुलिस बल में 25 फीसदी महिलाओं को नौकरी देने की घोषणा की है। प्रियंका ने कहा कि महिलाओं को गंभीरता से लो, महिलाओं को एक गैस सिलेंडर पकड़ाने की प्रक्रिया नहीं चलेगी। हमें किसी की चैरिटी नहीं चाहिए, महिलाएं अपने लिए लड़ना और भागीदारी चाहती हैं और उन्हें ये मिलना चाहिए।

केंद्र पर साधा निशाना

कांग्रेस महासचिव ने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि मैं पूछना चाहती हूं कि 7 साल से आप सरकार में हैं, आपने महिलाओं, किसानों, दलितों, नौजवानों के लिए क्या किया है, देश जानना चाहता है। उन्होंने कहा कि हमने एक महिला घोषणा पत्र बनाया है जिसमें हम यह कहना चाहते हैं कि हम महिलाओं को सचमुच सशक्त बनाना चाहते हैं। महिलाओं को सच में सशक्त बनाने हेतु हमें एक ऐसा वातावरण बनाना पड़ेगा जहां पर महिलाओं की अभिव्यक्ति बंधनों को तोड़ सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।