Wayanad bypoll 2024: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार (23 अक्टूबर) को वायनाड संसदीय क्षेत्र से नामांकन दाखिल करेंगी। इस मौके पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कई अन्य नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नामांकन से पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे रोडशो करेंगे। प्रियंका गांधी के नामांकन दाखिल करने के मौके पर सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री इस मौके पर मौजूद रहेंगे।
वायनाड से निर्वाचित होने पर प्रियंका पहली बार किसी सदन की सदस्य बनेंगी। वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं। उसके बाद से वह पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी निभा रही हैं। लोकसभा चुनाव के कुछ दिनों बाद, जून में कांग्रेस ने घोषणा की थी कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में रायबरेली संसदीय क्षेत्र रखेंगे। जबकि केरल की वायनाड सीट खाली कर देंगे, जहां से उनकी बहन प्रियंका गांधी चुनावी पारी की शुरुआत करेंगी।
निर्वाचित होने पर प्रियंका गांधी पहली बार सांसद बनेंगी तथा यह भी पहली बार होगा कि गांधी परिवार के तीन सदस्य सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका एक साथ संसद में होंगे। वायनाड संसदीय सीट और 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को झारखंड विधानसभा के पहले चरण के मतदान के साथ होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।
बेटी के लिए प्रचार करेंगी सोनिया गांधी
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी बेटी एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के लिए केरल के वायनाड में प्रचार करेंगी। राज्य कांग्रेस नेताओं के अनुसार, सोनिया गांधी कई वर्षों के बाद केरल लौट रही हैं। इस क्रम में 23 अक्टूबर को होने वाले रोड शो में उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी।
राहुल गांधी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की एनी राजा के खिलाफ 3,64,422 मतों के अंतर से जीतकर वायनाड लोकसभा सीट बरकरार रखी थी। हालांकि, यह उनके 2019 के प्रदर्शन के मुकाबले थोड़ा कम है। उस चुनाव में उन्होंने सीपीआई के पीपी सुनीर पर 4,31,770 मतों के रिकॉर्ड बहुमत से जीत हासिल की थी।
नाव्या हरिदास से है मुख्य मुकाबला
भारतीय जनता पार्टी ने घोषणा की है कि कोझिकोड नगर निगम की दो बार की पार्षद नाव्या हरिदास वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए NDA की उम्मीदवार होंगी। 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में हरिदास का मुकाबला कांग्रेस की प्रियंका गांधी और भाकपा के सत्यन मोकेरी से होगा। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हरिदास नगर निगम में बीजेपी संसदीय दल की नेता के रूप में कार्य करती हैं। वह महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव भी हैं।
वायनाड लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव इसलिए जरूर हो गया था, क्योंकि राहुल गांधी ने दो सीट से लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने वायनाड की जगह रायबरेली सीट अपने पास रखने और वायनाड सीट छोड़ने का निर्णय किया।