नीतीश के NDA में जाने के बाद पहली बार एक मंच पर दिखेंगे राहुल और लालू, बिहार में होने जा रही I.N.D.I.A. की महारैली

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित की जाने वाली इस रैली को ‘‘जन विश्वास महारैली’’ का नाम दिया गया है और इसे संबोधित करने वालों में लालू प्रसाद के छोटे पुत्र और उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। तेजस्वी हाल में राहुल गांधी नीत ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में भी शामिल हुए थे

अपडेटेड Feb 22, 2024 पर 3:10 PM
कांग्रेस नेता राहुल गांधी RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के साथ मंच साझा करेंगे

बिहार (Bihar) में विपक्षी गुट सत्तारूढ़ NDA को ये संदेश देने चाहता है कि राज्य में नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के बिना भी I.N.D.I.A. गुट मजबूती से एक साथ खड़ा है। इसी मकसद से जल्द एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के साथ मंच साझा करेंगे। ये महारैली मार्च होने वाली है, जिसमें CPI(M) महासचिव सीताराम येचुरी, और उनके CPI और CPI(ML) समकक्ष डी राजा और दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल होंगे।

बुधवार को एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, "इसे जन विश्वास महारैली कहा जाएगा।" जून 2023 में I.N.D.I.A. ब्लॉक का गठन हुआ था। उसके बाद से यह पहली बार होगा, जब राहुल और लालू किसी रैली में मंच साझा करेंगे।

विपक्ष को महारैली में अच्छी भीड़ की उम्मीद


इस साल जनवरी में ED के समन के कारण लालू और उनके बेटे तेजस्वी प्रसाद पूर्णिया में राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं हो पाए थे। बिहार के सीएम नीतीश कुमार 28 जनवरी को ही NDA खेमे में चले गए थे। अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी पिछले हफ्ते रोहतास में राहुल की जनसभा में शामिल हुए थे।

जगदानंद सिंह ने कहा, 'I.N.D.I.A. ब्लॉक की मेगा रैली लोकसभा चुनाव की दिशा तय करेगी। हम बहुत अच्छी भीड़ की उम्मीद कर रहे हैं।''

India Express के मुताबिक, RJD के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध कुमार मेहता ने बताया, “तेजस्वी प्रसाद यादव ने विश्वास मत के दौरान बिहार विधानसभा में सही कहा था कि RJD, कांग्रेस और तीन वाम दल बिहार में एक दुर्जेय राजनीतिक संयोजन साबित होंगे। नीतीश कुमार के साथ हमेशा विश्वास की कमी रही है। उनका I.N.D.I.A. ब्लॉक से बाहर जाना अच्छी मुक्ति है।"

कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि राहुल की दो महीने में तीन बार बिहार यात्रा से कैडर का मनोबल बढ़ेगा और राष्ट्रीय विपक्षी गठबंधन को ऊर्जा मिलेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।