Video: राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को गुवाहाटी बॉर्डर पर रोका गया, असम पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

Bharat Jodo Nyay Yatra: गुवाहाटी बॉर्डर पर यात्रा रोके जाने पर वहां एक संबोधन में राहुल गांधी ने आरोप लगाया, "आज असम में जिस रास्ते से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' निकलनी है। इसी रास्ते से बजरंग दल और जेपी नड्डा की रैली निकली लेकिन हमारी पदयात्रा को रोक दिया गया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रास्ते पर लगे बैरिकेड हटा दिए हैं। इसलिए ये मत सोचिए कि कांग्रेस का कार्यकर्ता कमजोर है। कांग्रेस का कार्यकर्ता बब्बर शेर है।"

अपडेटेड Jan 23, 2024 पर 1:29 PM
Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस समर्थकों को रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की अगुवाई वाली 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra)' को मंगलवार को गुवाहाटी (Guwahati Border) में एंट्री करने से रोक दिया गया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और बैरिकेड तोड़ दिए। असम पुलिस (Assam Police) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक झड़प हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान नारे भी लगाए। कांग्रेस समर्थकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

दरअसल, राहुल गांधी अपने काफिले के साथ गुवाहाटी शहर में जाना चाहते थे, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी। असम पुलिस ने गुवाहाटी शहर की तरफ जाने वाली मेन सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद कांग्रेस समर्थक असम पुलिस से भिड़ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दी।

असम मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पूर्व में कहा था कि सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए यात्रा को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। खानापारा में गुवाहाटी चौक पर भारी भीड़ जमा हो गई और ढोल-नगाड़ों के साथ राहुल गांधी का स्वागत किया गया। कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा, "बैरिकेडिंग को तोड़कर हमने जीत हासिल की है।"


सोमवार को मेघालय में प्रवेश करने के बाद इस हिस्से में यात्रा अपने अंतिम चरण के लिए असम लौटी, जो राज्य के सबसे बड़े शहर गुवाहाटी के बाहरी इलाके से होकर गुजरेगी। असम में राहुल गांधी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' गुरुवार 25 जनवरी तक रहेगी।

कांग्रेस की प्रतिक्रिया

इस मामले में कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक X अकाउंट पर वीडियो के साथ लिखा गया, "असम में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया है। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की बुलंद आवाज से डरी-सहमी असम सरकार ऐसी कायर और शर्मनाक हरकतों से बाज नहीं आ रही। BJP ये न भूले कि ये जनता की आवाज है, इसे किसी भी कीमत पर कुचला और दबाया नहीं जा सकता। हमारी राह के ये कांटे, हमारी हिम्मत को और बढ़ा रहे हैं, हमें और मजबूत कर रहे हैं। हम किसी से डरने वाले नहीं हैं। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' जारी है..."

राहुल गांधी का बीजेपी सरकार पर निशाना

इस दौरान अपने एक संबोधन में राहुल गांधी ने कहा, "आज असम में जिस रास्ते से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' निकलनी है। इसी रास्ते से बजरंग दल और जेपी नड्डा की रैली निकली लेकिन हमारी पदयात्रा को रोक दिया गया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रास्ते पर लगे बैरिकेड हटा दिए हैं। इसलिए ये मत सोचिए कि कांग्रेस का कार्यकर्ता कमजोर है। कांग्रेस का कार्यकर्ता बब्बर शेर है।"

ये भी पढ़ें- HUDA रिफंड घोटाला मामले में ED ने उत्तर भारत के राज्यों में की छापेमारी, 18 जगहों पर रेड जारी

कांग्रेस सांसद ने कहा, "मैं यहां खड़े पुलिस अफसरों से कहना चाहता हूं कि- हम जानते हैं, आपको जो ऑडर मिला है, आपने वो काम किया। लेकिन आप एक बात याद रखिए, असम में न्याय होना चाहिए। क्योंकि असम के मुख्यमंत्री यहां 24 घंटे चोरी कर रहे हैं। वह सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।