Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के अपने परंपरागत संसदीय क्षेत्र अमेठी (Amethi) से एक बार फिर चुनाव लड़ सकते हैं। उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय (UP Congress chief Ajay Rai) ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में यह दावा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा अगर बनारस (Varanasi) से लड़ना चाहेंगी तो पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जान लगा देगा। बता दें कि राहुल गांधी फिलहाल केरल के वायनाड से लोकसभा सांसद हैं।
अजय राय को एक दिन पहले गुरुवार को यूपी कांग्रेस का प्रमुख नियुक्त किया गया था। कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को कहा, "राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। प्रियंका जी (कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा) चाहें तो वाराणसी से चुनाव लड़ सकती हैं, हमारा एक एक कार्यकर्ता उनके लिए जान लगा देगा।"
लोकसभा चुनाव 2019 में राहुल गांधी को अमेठी से बड़ा झटका लगा था। वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के हाथों चुनाव हार गए थे। हालांकि, राहुल गांधी ने इस चुनाव में केरल के वायनाड सीट से भी पर्चा दाखिल किया था। वहां से चुनाव लड़े और जीतकर संसद तक पहुंचे।
कांग्रेस ने अजय राय को बृजलाल खाबरी के स्थान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नियुक्ती की है। दलित समुदाय से आने वाले खाबरी को हटाकर अजय राय को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। राय भूमिहार जाति से आते हैं और वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।