Credit Cards

अखिलेश यादव के परिवार पर गिरा दुखों का पहाड़! लंबी बीमारी के बाद चाचा राजपाल यादव का निधन

UP News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई और अखिलेश यादव के चाचा राजपाल यादव का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लंबे इलाज के बाद गुरुवार (9 जनवरी) सुबह निधन हो गया है। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े सियासी परिवारों में शामिल यादव परिवार में शोक की लहर है

अपडेटेड Jan 09, 2025 पर 12:36 PM
Story continues below Advertisement
UP News: अखिलेश यादव के परिवार में आज शोक की लहर है

UP News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई राजपाल यादव का लंबी बीमारी के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में गुरुवार सुबह 4 बजे निधन हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सैफई जाने के लिए अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। इस बीच शिवपाल सिंह यादव पहले ही इटावा पहुंच चुके हैं। राजपाल सिंह यादव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में होगा।

मुलायम सिंह यादव के चौथे नंबर के छोटे भाई राजपाल यादव के निधन की खबर मिलते ही पूरी सैफई में शोक की लहर है। समाजवादी पार्टी (SP) के आधिकारिक X अकाउंट से एक पोस्ट में कहा गया, "अत्यंत दुखद! श्रद्धेय नेताजी के अनुज श्री राजपाल यादव जी का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लंबे इलाज के बाद आज प्रात: निधन हो गया है। अंतिम संस्कार आज दोपहर के बाद सैफ़ई में किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें, भावपूर्ण श्रद्धांजलि!"

इसके अलावा सपा महासचिव राम गोपाल यादव ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, "मुझे आपको यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि मेरे छोटे भाई राजपाल सिंह का आज सुबह 4 बजे गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में अप्रत्याशित रूप से निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर बाद मेरे पैतृक गांव सैफई में किया जाएगा। प्रभु उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति!"


राजपाल सिंह यादव मुलायम सिंह यादव से छोटे थे। वे पांच भाइयों में चौथे नंबर के थे। उनके बेटे अंशुल भी राजनीति में हैं। वह दो बार जिला परिषद अध्यक्ष रह चुके हैं। राजपाल सिंह की पत्नी प्रेम लता भी राजनीति में सक्रिय रही हैं। वे मुलायम परिवार से राजनीति में आने वाली पहली महिला थीं। उनके बाद परिवार की अन्य महिलाएं जैसे डिंपल यादव, शिवपाल यादव की पत्नी सरला यादव और अपर्णा यादव भी राजनीति में आईं।

ये भी पढ़ें- Pravasi Bharatiya Diwas: पीएम मोदी ने 'प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस' को दिखाई हरी झंडी, बोले- 'आज दुनिया भारत को सुनती है'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।