AAP नेता सत्येंद्र जैन होंगे गिरफ्तार? गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति से कार्रवाई के लिए मांगी मंजूरी

Satyendra Jain: केंद्रीय गृह मंत्रालय नेमनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच का सामना कर रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता एवं दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए राष्ट्रपति से मंजूरी देने अनुरोध किया है। सत्येंद्र जैन पर फिर से गिरफ्तारी की तलवार लटकती नजर आ रही हैं

अपडेटेड Feb 14, 2025 पर 3:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Satyendra Jain: गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति से दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी का अनुरोध किया है

Satyendra Jain: आम आदमी पार्टी (AAP) के सीनियर नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन पर गिरफ्तारी की तलवार लटकती नजर आ रही हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार (14 फरवरी) को सत्येंद्र जैन के खिलाफ अदालत में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 218 के तहत मामला चलाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मंजूरी मांगी है। जानकारी के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ED) से प्राप्त सामग्री के आधार पर सत्येंद्र जैन के खिलाफ इस मामले में अभियोजन चलाने के लिए पर्याप्त साक्ष्य पाए गए हैं। सत्येंद्र जैन को 30 मई 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था।

सूत्रों ने शुक्रवार को पीटीआई को बताया कि गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति से दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी का अनुरोध किया है। ED के अनुरोध पर यह सिफारिश की गई है। सत्येंद्र जैन पर आरोप है कि उन्होंने 2015-2016 में फर्जी कंपनियों के जरिए कथित तौर पर 16.39 करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग की थी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया था।

पिछले साल 18 अक्टूबर को दिल्ली की एक अदालत ने सत्येंद्र जैन को जमानत दे दी थी। अदालत ने उन्हें जमानत देते हुए ट्रायल में देरी और लंबे समय से कैद में होने का जिक्र किया था। उधर, ED ने अदालत में जैन की जमानत का विरोध कर कहा था कि अगर उन्हें जमानत दी गई, तो वह मामले से संबंधित गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं।


आम आदमी पार्टी के नेताओं ने अदालत के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे सत्य की जीत और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की साजिश की हार बताया था। हालांकि, इससे पहले 26 मई 2023 को सत्येंद्र जैन को मेडिकल आधार पर अंतरिम जमानत दी गई थी, क्योंकि उनकी रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ था।

केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने दिसंबर 2018 में आरोपपत्र दाखिल किया था। इसमें कहा गया था कि आय से कथित तौर पर अधिक संपत्ति 1.47 करोड़ रुपये की थी, जो 2015-17 के दौरान जैन की आय के ज्ञात स्रोतों से लगभग 217 प्रतिशत अधिक थी।

दिल्ली चुनाव में करारी हार

सत्येंद्र जैन हाल ही में सम्पन्न हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी उतरे थे। AAP ने उन्हें शकूर बस्ती सीट से चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी करनैल सिंह से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव आयोग के मुताबिक, करनैल सिंह को कुल 56,869 वोट मिले, जबकि सत्येंद्र जैन 35,871 वोटों पर सिमट गए। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार सतीश कुमार लूथरा को सिर्फ 5,784 वोट मिले थे।

ये भी पढ़ें- VIDEO: 'बांग्लादेश को पीएम मोदी पर छोड़ता हूं...': डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान से टेंशन में यूनुस सरकार

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) को राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता से बाहर कर 27 साल बाद धमाकेदार वापसी की है। बीजेपी ने 70 में से 48 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने 22 सीटों पर सिमट गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।