National Herald Case: सोनिया गांधी तीसरे दिन पूछताछ के लिए ED के सामने हुईं पेश, दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

ED के सूत्रों ने बताया कि आज सोनिया गांधी से पूछताछ पूरी हो सकती है। सूत्रों ने पूछताछ को लेकर बताया कि 70 वर्षीय कांग्रेस नेता से पिछले दो राउंड में हुई पूछताछ के दौरान 70 सवाल पूछे जा चुके हैं

अपडेटेड Jul 27, 2022 पर 12:35 PM
Story continues below Advertisement
सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस सांसद दिल्ली के विजय चौक पर प्रदर्शन कर रहे हैं

नेशनल हेराल्ड (National Herald Case) मामले में तीसरे दिन की पूछताछ के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर पहुंच चुकी हैं। सोनिया गांधी से ED के अधिकारी बुधवार को लगातार दूसरे दिन पूछताछ कर रही है। सोनिया से अब तक यह तीसरे दिन की पूछताछ है।

प्रवर्तन निदेशालय के सूत्रों ने बताया कि आज सोनिया गांधी से पूछताछ पूरी हो सकती है। सूत्रों ने पूछताछ को लेकर बताया कि 70 वर्षीय कांग्रेस नेता से पिछले दो राउंड में हुई पूछताछ के दौरान 70 सवाल पूछे जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने PMLA के तहत ED को मिले सभी अधिकारों को बरकरार रखा, कहा- 'मनी लॉन्ड्रिंग के तहत गिरफ्तारी मनमानी नहीं'


ED ने नेशनल हेराल्ड से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मंगलवार को दूसरे दिन सोनिया गांधी से छह घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि सोनिया गांधी को फिर बुधवार को पेश होने को कहा गया है। वह मंगलवार को अपना बयान दर्ज कराने के बाद शाम सात बजे से महज कुछ देर पहले यहां ईडी कार्यालय से रवाना हुईं।

कल दूसरे दौर की हुई थी पूछताछ

सोनिया गांधी जेड प्लस सुरक्षा घेरे में अपने बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ सुबह करीब 11 बजे मध्य दिल्ली में एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर विद्युत लेन में स्थित एजेंसी के कार्यालय पहुंची थीं।

प्रियंका गांधी ईडी के कार्यालय में ही रुक गयीं, जबकि राहुल तुरंत वहां से निकल गए। अधिकारियों ने बताया कि प्रियंका गांधी ईडी कार्यालय के एक अन्य कमरे में रुकी रहीं, ताकि जरूरत पड़ने पर वह अपनी मां से मिल सकें और उन्हें दवाएं या मेडिकल सहायता मुहैया करा सकें।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष एक बार दोपहर करीब दो बजे ईडी कार्यालय से निकलीं थी और दोपहर करीब साढ़े तीन बजे लौट आई थीं। ऐसा माना जा रहा है कि समन के सत्यापन, उपस्थिति पत्र पर हस्ताक्षर करने सहित शुरुआती औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सोनिया गांधी से सुबह करीब सवा 11 बजे पूछताछ शुरू की गई।

75 वर्षीय सोनिया गांधी से पहली बार 21 जुलाई को मामले में दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी। रायबरेली से लोकसभा सदस्य गांधी ने तब एजेंसी के 28 सवालों के जवाब दिए थे। सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी से समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड और यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के साथ उनकी संलिप्तता के संबंध में पूछताछ की गई।

ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

दिल्ली यातायात पुलिस ने बुधवार को एक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को मध्य दिल्ली में कुछ मार्गों से बचने के लिए कहा है। सोनिया गांधी की प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पूछताछ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, मान सिंह रोड, गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से सुबह 9 बजे से 2 बजे के बीच जाने से बचें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।