Bengal: पश्चिम बंगाल में बनाए जाएंगे 7 नए जिले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया ऐलान, देखें लिस्ट

इसके साथ ही राज्य में अब कुल जिलों की संख्या बढ़कर 30 हो जाएगी। सीएम ने बताया कि मंत्रिमंडल ने इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी भी दे दी है

अपडेटेड Aug 01, 2022 पर 5:21 PM
Story continues below Advertisement
सीएम ने कहा कि सरकार का कोई भी मंत्री ऐसा काम न करे जिससे कि पूरे मंत्रिमंडल को इसका खामियाजा भुगतना पड़े

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने सोमवार को कहा कि राज्य में 7 और नए जिले बनाए जाएंगे। इसके साथ ही राज्य में अब कुल जिलों की संख्या बढ़कर 30 हो जाएगी। सीएम ने बताया कि मंत्रिमंडल ने इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी भी दे दी है। ममता बनर्जी ने एक प्रेस कॉन्फेंस में पत्रकारों से कहा कि पहले राज्य में 23 जिले थे और इन 7 जिलों के बनने के साथ ही राज्य में कुल 30 जिले हो जाएंगे।

ये भी पढ़ें- Sanjay Raut Arrest: पात्रा चॉल घोटाले में गिरफ्तार संजय राउत 4 अगस्त तक ED कस्टडी में भेजे गए

इस दौरान सीएम ने कहा कि सरकार का कोई भी मंत्री ऐसा काम न करे जिससे कि पूरे मंत्रिमंडल को इसका खामियाजा भुगतना पड़े। ममता ने कहा कि मुझे किसी भी कीमत पर यह नहीं मंजूर कि पार्टी पर कोई भी आरोप लगे। आपको बता दें कि ममता सरकार में रहे पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी को बंगाल एसएससी घोटाले (Bengal ssc scam) में जांच के तहत ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पार्थ की करीबी अर्पिता मुखर्जी के दो फ्लैट्स से ईडी ने करोड़ों के नकदी बरामद की है।


ये हैं 7 नए जिले

सुंदरवन (Sunderban)

बेहरामपुर (Behrampur)

बशीरहाट (Basirhat)

इच्छामति (Ichhemati)

राणाघाट (Ranaghat)

विष्णुपुर (Bishnupur)

जंगीपुर (Jangipur)

ममता सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई से कहा कि प्रशासनिक कामकाज को सुगम बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के मंत्रिमंडल ने आज इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद जल्द ही इसे अमल में लाया जाएगा।

मंत्रिमंडल में होगा फेरबदल

इस दौरान मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल का एक बड़ा फेरबदल होगा। वह अपने मंत्रिमंडल विस्तार की शुरुआत बुधवार को करेंगी। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार में कई दिग्गज सदस्य अपने मंत्री पद खो सकते हैं। वहीं, कई नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।