CM Yogi Vs Shivpal Singh Yadav: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने मंगलवार (30 जुलाई) को एक दूसरे पर मजेदार राजनीतिक कटाक्ष किए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन को सदन में 'गच्चा देने' (धोखा देने) को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष ने एक दूसरे पर खूब तंज किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव को टारगेट करते हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से कहा कि ''आपने चचा को गच्चा दे ही दिया। वहीं, इस पर शिवपाल सिंह यादव ने सीएम योगी को जवाब देते हुए कहा, "देख लेना 2027 में सपा सत्ता में आएगी और आपके जो 'डिप्टी चीफ मिनिस्टर' हैं, वह आपको फिर गच्चा देंगे।" बता दें कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच दरार की खबरें आ रही है।
पहले सीएम योगी ने कसा तंज
सदन में प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री तथा नेता सदन योगी आदित्यनाथ सपा सदस्य के महिला और बच्चों के साथ अपराध के सवाल पर जब अपना बयान दे रहे थे तो नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने उनसे एक पूरक सवाल पूछा। जवाब में सीएम योगी ने उन्हें (माता प्रसाद पांडेय) नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की बधाई देते हुए नाम लिए बगैर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव पर तीखे तीर चला दिए।
सीएम योगी ने सदन में तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष से कहा कि 'आपके चयन के लिए बधाई देता हूं। ये अलग विषय है कि आपने चचा को गच्चा दे ही दिया।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''उनकी (शिवपाल सिंह यादव) नियति ही ऐसी है, क्योंकि भतीजा (अखिलेश यादव) हमेशा भयभीत रहता है, लेकिन आप इस सदन के वरिष्ठ सदस्य हैं, मैं आपका सम्मान करता हूं।''
सीएम योगी ने यह तंज इसलिए किया क्योंकि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल यादव को नेता प्रतिपक्ष न बनाकर पूर्व विधानसभा स्पीकर और सात बार के विधायक माता प्रसाद पांडेय को नेता प्रतिपक्ष के लिए चयनित किया।
शिवपाल यादव ने किया पटलवार
इस बीच शिवपाल सिंह यादव ने योगी को जवाब देते हुए कहा, ''हमें गच्चा नहीं मिला, पांडेय जी बहुत वरिष्ठ हैं, हम लोग समाजवादी हैं!'' शिवपाल यादव ने सीएम योगी से कहा, ''तीन साल हम तो आपके भी संपर्क में रहे, तो गच्चा तो आपने भी दिया!''
उन्होंने आगे कहा, ''जब आपने गच्चा दिया तो इस चुनाव (लोकसभा चुनाव-2024) में आपकी पार्टी पीछे रह गई और सपा आगे हो गई। अब देख लेना 2027 में सपा फिर से (सत्ता में) आएगी और आपके जो 'डिप्टी चीफ मिनिस्टर' हैं, वह आपको गच्चा दे देंगे!''
अखिलेश यादव ने कन्नौज से सांसद चुने जाने के बाद विधानसभा की करहल (मैनपुरी जिला) सीट से इस्तीफा दे दिया जिससे नेता प्रतिपक्ष का पद खाली हो गया था। सपा प्रमुख ने रविवार को माता प्रसाद पांडेय को नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने के लिए विधानसभा स्पीकर को पत्र भेजा था, जिसकी रविवार को ही विधानसभा के प्रमुख सचिव की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई थी।